#अपराध
February 22, 2026
हिमाचल के मंदिरों पर आं.तकी संगठन की नजर, हाई अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां, पुलिस ने भी बढ़ाया पहरा
लश्कर.ए.तैयबा ने प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों को निशाने बनाने की दी धमकी
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के धार्मिक स्थल एक बार फिर आतंकियों के निशाने पर आ गए हैं। आतंकी संगठन लश्कर.ए.तैयबा की ओर से देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की धमकी के बाद हिमाचल में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। इतना ही नहीं हिमाचल के मंदिरों का सुरक्षा घेरा भी बढ़ा दिया गया है। हर आने वाले संदिग्ध पर पैनी नजर रखी जा रही है।
बता दें कि आतंकी संगठन लश्कर.ए.तैयबा की ओर से देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। जिसके बाद हिमाचल में स्थित मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है। प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को सतर्कता बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल सदन में घुस आई दिल्ली पुलिस: बिना वारंट मारा छापा- कांग्रेस नेता को ढूंढ रही थी..
खुफिया इनपुट मिलने के बाद प्रदेश के प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रवेश द्वारों पर कड़ी जांच की जा रही है। मंदिर परिसरों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है, वहीं गर्भगृह और भीड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा तैनात की गई है।
पुलिस ने कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की है और मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ता भी अलर्ट पर रखा गया है। बड़े मंदिरों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि किसी भी संभावित खतरे से तुरंत निपटा जा सके।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: होटल के कमरे में पड़ा मिला विदेशी पर्यटक- थम चुकी थीं सांसें, जांच में जुटी पुलिस
प्रदेश भर में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। भीड़भाड़ वाले धार्मिक आयोजनों और सप्ताहांत पर विशेष रणनीति के तहत सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है। स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि वे मंदिर प्रबंधन समितियों के साथ समन्वय बनाए रखें और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें।
पुलिस प्रशासन और खुफिया एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। आम जनता और श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कहीं कोई लावारिस बैग, संदिग्ध वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या कंट्रोल रूम को सूचना दें। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक.चौबंद है और घबराने की जरूरत नहीं है।
यह भी पढ़ें :हिमाचल में बच्चा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़- 3 अरेस्ट, एक नवजात का रेस्क्यू- पंजाब तक फैला है जाल
गौरतलब है कि एक माह पूर्व नालागढ़ में पुलिस थाने के समीप हुए ब्लास्ट की घटना ने सुरक्षा एजेंसियों को पहले ही सतर्क कर दिया था। इस मामले में दो आतंकी संगठनों ने जिम्मेदारी ली थी। जांच के दौरान पुलिस ने दो आतंकियों को गिरफ्तार भी किया था और उनसे पूछताछ में कई अहम सुराग मिले थे।
इस घटना के बाद से ही प्रदेश में संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा की समीक्षा की जा रही थी। मौजूदा धमकी को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां किसी भी प्रकार की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं हैं और हिमाचल के मंदिरों समेत सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।