#अपराध
September 21, 2025
हिमाचल: चालक ने टैक्सी में सवारियों की जगह भरी थी नशे की खेप, पुलिस ने ऐसे पकड़ा
पुलिस ने आरोपी की टैक्सी भी की सीज
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश में पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाएं जा रहे अभियान में एक और सफलता हासिल की है। ताजा मामला सोलन जिले से सामने आया है, यहां एक टैक्सी चालक सवारियां की आड़ में नशे का काला कारोबार कर रहा था। चालक अपनी टैक्सी में सवारियों की जगह नशे की खेप सप्लाई करने निकला था। पुलिस ने आरोपी को नशे की बड़ी खेप के साथ रिफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, जिला के कंडाघाट थाना टीम देर रात गश्त पर थी। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि शिमला से सोलन की ओर आ रही एक स्विफ्ट डिजायर टैक्सी में चरस ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर नाका लगाकर वाहनों नियमित चेकिंग शुरू की।
थोड़ी ही देर बाद बताई गई संदिग्ध टैक्सी वहां पहुंची। पुलिस टीम ने कार को तलाशी के लिए रोका। अंदर बैठा टैक्सी ड्राइवर पुलिस को देख घबरा गया। पुलिस टीम ने जब कार की गहन तलाशी ली तो सीट के पीछे से 2 किलो चरस बरामद हुई। ड्राइवर की पहचान देवेंद्र निवासी आनी (जिला कुल्लू) के रूप में हुई है। आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया और टैक्सी को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। उससे पूछताछ जारी है ताकि यह पता चल सके कि चरस कहां से लाई गई थी और किसे सप्लाई की जानी थी। साथ ही, पुलिस आरोपी के पुराने रिकॉर्ड और उसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे के खिलाफ पुलिस की यह सख्त कार्रवाई युवाओं को नशे के दलदल में जाने से रोकने में मददगार साबित होगी।