#अपराध
September 4, 2026
हिमाचल : फ़ौजी की जंगल में मिली देह, पेट में लगी थी गो**ली, जाँच में जुटी पुलिस
पेट में लगी थी गोली, पास में पड़ी मिली बंदूक
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ से एक दुखद खबर सामने आई है। पंचायत चिल्लड़ के उपप्रधान और सेवानिवृत्त सैनिक की गोली लगने से मौत हो गई। जिसके बाद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार भगत सिंह, निवासी गांव पुनैला, तहसील रामशहर, बुधवार दोपहर बाद अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर घर से जंगल की तरफ गए थे। लेकिन शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटे तो परिवार और गांव के लोगों ने उनकी तलाश शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : गहरी खाई में अनियंत्रित होकर गहरी फॉर्च्यूनर, 7 मासूम थे सवार; मची चीख-पुकार
काफी तलाश के बाद गुरुवार को घर से कुछ दूरी पर सुनसान जंगल में भगत सिंह का शव मिला। उनके पेट में गोली लगी हुई थी और उनकी लाइसेंसी बंदूक भी शव के पास ही पड़ी मिली। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। मृतक की पहचान नालागढ़ की पंचायत चिल्लड़ के उपप्रधान और सेवानिवृत्त सैनिक भगत सिंह (51) के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही रामशहर थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। डीएसपी नालागढ़ भीष्म ठाकुर भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में मौसम का कहर जारी, 5 सितंबर तक भारी बारिश और भूस्खलन की चेतावनी
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि भगत सिंह की मौत गोली लगने से हुई है। हालांकि अभी यह साफ नहीं हुआ है कि गोली उनकी अपनी लाइसेंसी बंदूक से चली या किसी अन्य व्यक्ति ने गोली मारी। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
SP बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।