#अपराध
August 24, 2026
हिमाचल : चार दिन से लापता व्यक्ति की पंजाब नहर से मिली देह, परिवार में मचा कोहराम
घर से लापता हुआ था व्यक्ति
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां कई दिनों से लापता चल रहे एक व्यक्ति का शव पंजाब की एक नहर से बरामद हुआ है। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, मामला थाना नालागढ़ के तहत आने वाले गांव डाडी कनिया का है। पुलिस के मुताबिक, व्यक्ति 20 अगस्त को घर से लापता हो गया था। इसके बाद परिजन उसकी तलाश कर रहे थे और पुलिस को भी इसकी जानकारी दी गई थी।
रविवार को व्यक्ति का शव पंजाब के मोरिंडा में एक नहर से बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना जैसे ही परिवार को मिली, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घटना के बाद पूरे इलाके में भी शोक का माहौल है। मृतक की पहचान सर्वजीत उम्र 42 साल के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस अब मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई है।
ASP बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि सर्वजीत 20 अगस्त से लापता था और अब उसका शव पंजाब के मोरिंडा में नहर से मिला है। उन्होंने बताया कि शव का सोमवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति साफ हो पाएगी।