#अपराध
July 10, 2026
हिमाचल के मंदिर में बड़ी चोरी : 18 किलो चांदी की पालकी, सोने के कुंडल और चढ़ावा गायब
45 लाख रुपये बताई जा रही पालकी की कीमत
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ददाहू क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध गणेश मंदिर के कपाट खोले गए। मंदिर के अंदर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए। अज्ञात चोर भगवान गणेश की करीब 18 किलो वजनी चांदी की पालकी, सोने के कुंडल और चढ़ावे के करीब 40 हजार रुपये लेकर फरार हो चुके थे।
यह वारदात सैनधार क्षेत्र की कोटला मोलर पंचायत में स्थित गणेश मंदिर में हुई। मंदिर समिति के अनुसार चोरी हुई चांदी की पालकी का वजन करीब 18 किलोग्राम है और इसकी अनुमानित कीमत लगभग 45 लाख रुपये है। इसके अलावा भगवान गणेश के सोने के कुंडल और मंदिर में चढ़ावे के रूप में रखे करीब 40 हजार रुपये भी चोर अपने साथ ले गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर पूरी तैयारी के साथ मंदिर पहुंचे थे। सबसे पहले उन्होंने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए ताकि उनकी कोई तस्वीर रिकॉर्ड न हो सके। इसके बाद रिकॉर्डिंग रखने वाला डीवीआर भी अपने साथ ले गए। फिर बदमाशों ने मंदिर के मुख्य दरवाजे और अलमारी के ताले तोड़कर आराम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
सबसे हैरानी की बात यह है कि यह मंदिर गांव के बीचोंबीच स्थित है। इसके बावजूद देर रात हुई इतनी बड़ी चोरी की भनक किसी स्थानीय व्यक्ति को नहीं लगी। गुरुवार सुबह जब मंदिर खोला गया तो सामान गायब मिला। चोरी का पता चलते ही मंदिर समिति के सदस्यों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे मंदिर परिसर की जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक विशेषज्ञों और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आसपास लगे कैमरों और अन्य संभावित सुरागों की भी जांच कर रही है।
मंदिर समिति के प्रधान अर्जुन ठाकुर ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। वहीं, पुलिस अधीक्षक एन.एस. नेगी ने कहा कि मामले के हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।