#विविध

July 10, 2026

केरल से आज हिमाचल पहुंचेगी इंजीनियर राहुल की पार्थिव देह, बीमार मां का रो-रोकर बुरा हाल

बीमार मां का रो-रोकर बुरा हाल

शेयर करें:

Kerala Landslide

मंडी। केरल के वायनाड में ट्विन-टनल निर्माण स्थल पर हुए दर्दनाक भूस्खलन में लापता चल रहे हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के रिवालसर निवासी साइट इंजीनियर राहुल शर्मा अब इस दुनिया में नहीं रहे। दो दिन तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उनका शव मलबे से बरामद कर लिया गया।

 

गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया और अब उससे जुड़ी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। इसके बाद राहुल का पार्थिव शरीर सड़क मार्ग से मंडी लाया जाएगा। उम्मीद है कि शुक्रवार तक उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंच जाएगा। 

खबर मिलते ही गांव में पसरा मातम

राहुल के पिता रूपदेव शर्मा के साथ वायनाड पहुंचे रिश्तेदार रामवीर ने बताया कि अभी सभी जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी की जा रही है। राहुल के निधन की खबर मिलते ही रिवालसर के विकासनगर (ढोह) समेत पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। राहुल के पिता, भाई रोहित और अन्य परिजन इस समय केरल में मौजूद हैं। उनकी पत्नी भी वहीं हैं और सभी मिलकर उनकी अंतिम यात्रा की तैयारी कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : भांजी की शादी में गया था मामा, पत्नी को गहरी खाई में मिली देह- पसरा मातम

बीमार मां का रो-रोकर बुरा हाल

उधर रिवालसर स्थित घर में राहुल की मां मंजू देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे की मौत की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घर पर रिश्तेदार, पड़ोसी और आसपास के लोग लगातार पहुंचकर परिवार को सांत्वना दे रहे हैं। हर किसी की आंखें नम हैं और पूरे गांव में मातम का माहौल है।

कैसे हुआ था यह दर्दनाक हादसा?

यह हादसा मंगलवार को वायनाड के मेप्पाडी इलाके में कक्कडी स्थित मीनाक्षी ब्रिज के पास निर्माणाधीन ट्विन-टनल परियोजना में हुआ था। उस समय इलाके में लगातार भारी बारिश हो रही थी। अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भरभराकर ढह गया और भारी मात्रा में मलबा सीधे निर्माण स्थल पर आ गिरा। वहां काम कर रहे कई कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए, जिनमें राहुल शर्मा भी शामिल थे।

यह भी पढ़ें : हिमाचल कु*ल्हाड़ी केस : पुलिस से बचने के लिए बदली 8 गाड़ियां, मुख्य आरोपी समेत पांच गिरफ्तार

दो दिन तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे के बाद राहत और बचाव दल ने तुरंत अभियान शुरू किया, लेकिन लगातार बारिश और बार-बार धंस रही मिट्टी की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मुश्किलें आईं। इसके बावजूद टीमों ने लगातार दो दिनों तक मलबा हटाने का काम जारी रखा। आखिरकार मलबे के अंदर से राहुल शर्मा का शव बरामद कर लिया गया।

मार्च में हुई थी शादी, खुशियां मातम में बदलीं

राहुल शर्मा की शादी इसी साल मार्च महीने में हुई थी। शादी के बाद कुछ समय परिवार के साथ बिताकर वह फिर अपनी नौकरी पर लौट गए थे। किसी ने भी नहीं सोचा था कि इतनी जल्दी यह खुशहाल परिवार इतने बड़े दुख से गुजरना पड़ेगा। अब राहुल का पार्थिव शरीर घर पहुंचेगा, लेकिन इस बार वह अपने परिवार के बीच हमेशा के लिए खामोश होकर लौटेंगे।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में तेज बारिश का कहर : 2 जिलों में स्कूल बंद, जलभराव और भूस्खलन ने बढ़ाई मुश्किलें

शुक्रवार को होगा अंतिम संस्कार

पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद राहुल शर्मा का पार्थिव शरीर सड़क मार्ग से मंडी लाया जाएगा। संभावना है कि आज शुक्रवार तक उनका शव पैतृक गांव पहुंच जाएगा, जहां पूरे रीति-रिवाज के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। रिवालसर और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है और लोग लगातार परिवार के घर पहुंचकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख