#अपराध

May 6, 2026

हिमाचल : वाहन चालक ने कुचल दिया सड़क किनारे जा रहा शख्स, मौके पर थमी सांसें

सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस

शेयर करें:

HitAndRun

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश में इन दिनों लापरवाही से वाहन चलाने से सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। ताजा मामला प्रदेश के जिला सिरमौर से सामने आया है। जहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे जा रहे एक व्यक्ति को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई और हादसे के बाद चालक फरार हो गया।

औंधे मुंह सड़क पर गिर पड़ा था व्यक्ति

मिली जानकारी के अनुसार, जिला सिरमौर में माजरा थाना क्षेत्र के धौलाकुआं इलाके में एक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक बिना रुके घटनास्थल से फरार हो गया, जिससे यह मामला हिट एंड रन के रूप में दर्ज किया गया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी, एक घर का बुझ गया चिराग; 26 साल थी उम्र

 

घटना देर रात की है जब स्थानीय निवासी परीक्षित शर्मा, जो भारापुर स्थित एक रिसॉर्ट में प्रबंधक के रूप में कार्यरत हैं, अपनी ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे। जब वे धौलाकुआं के पास एक बैंक के समीप पहुंचे, तो उन्होंने सड़क पर एक व्यक्ति को गिरा हुआ देखा। संदेह होने पर उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रोकी और पास जाकर स्थिति का जायजा लिया। व्यक्ति औंधे मुंह पड़ा था और उसमें कोई हरकत नहीं दिख रही थी।

अभी तक नहीं हो पाई है पहचान

स्थिति को गंभीर देखते हुए उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही माजरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती पड़ताल में यह सामने आया कि किसी तेज रफ्तार वाहन ने राहगीर को जोरदार टक्कर मारी, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बड़ा हा..दसा: पहाड़ी से गिरे मलबे में दफन हो गए दो वाहन; चीख पुकार से दहला इलाका

 

हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि व्यक्ति को संभलने का मौका तक नहीं मिला। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे जांच और भी जटिल हो गई है।

सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर-इरादतन हत्या के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी वाहन और चालक का सुराग मिल सके। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता मृतक की पहचान करना और फरार चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार करना है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख