#अपराध
June 29, 2025
हिमाचल: युवक ने सतलुज नदी में लगा दी छलांग, काफी देर से पुल पर ही टहल रहा था
छलांग लगाने वाले युवक की नहीं हुई पहचान, पुलिस ने चलाया सर्च अभियान
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला के बाद अब राजधानी शिमला जिला में भी एक व्यक्ति ने फिल्मी स्टाइल में पुल से सतलुज नदी में छलांग लगा दी है। इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। सतलुज में छलांग लगाने वाला व्यक्ति कौन है और उसने ऐसा क्यों किया, इसका अभी तक खुलासा नहीं हुआ है। इससे पहले बीते रोज चंबा जिला मुख्यालय में शीतला पुल से एक व्यक्ति ने रावी नदी में छलांग लगा दी थी, जिसकी अभी तक तलाश की जा रही है। अब ऐसा ही एक मामला शिमला जिला के रामपुर से सामने आया है।
मिली जानकारी के अनुसार रामपुर उपमंडल के जगातखाना पुल पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब एक अज्ञात युवक ने सतलुज नदी में छलांग लगाकर अपनी जान देने का प्रयास किया। यह घटना करीब साढ़े तीन बजे के आसपास घटी, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोग स्तब्ध रह गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : स्कूटी को पुल पर खड़ा कर फिल्मी स्टाइल में कूदा व्यक्ति, पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी
बताया जा रहा है कि रामपुर शहर थाना को दोपहर बाद सूचना मिली कि एक युवक ने अचानक पुल के किनारे से छलांग लगा दी है। बिना किसी पूर्व संकेत के की गई इस हरकत से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और राहत व तलाशी अभियान आरंभ कर दिया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में यहां फटा पहाड़, नाले में आई बाढ़, चार जिलों में भारी बारिश का "रेड अलर्ट"
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक काफी देर से पुल के आसपास मंडरा रहा था, लेकिन किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि वह ऐसा आत्मघाती कदम उठाएगा। अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने आसपास के सभी क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और नदी के दोनों किनारों पर चौकसी बढ़ा दी गई है।
एसएचओ थाना रामपुर ने बताया कि सर्च ऑपरेशन में स्थानीय गोताखोरों को भी लगाया गया है। साथ ही आसपास के थानों को भी सतर्क किया गया है, ताकि यदि कोई लापता व्यक्ति की रिपोर्ट आती है तो उसे इस घटना से जोड़ा जा सके। फिलहाल युवक की तलाश और पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस इसे आत्महत्या का प्रयास मान रही है, लेकिन अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। प्रशासन और स्थानीय लोग दोनों ही इस घटना से स्तब्ध हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही युवक का पता चल पाएगा और इस घटना के पीछे की सच्चाई सामने आएगी।
यह भी पढ़ें : सावधान हिमाचल ! पंडोह डैम के सभी गेट खोले, उफान पर ब्यास नदी- खतरे की जद में कई गांव
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे सतलुज नदी के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं और यदि किसी के पास इस युवक की पहचान अथवा घटना से संबंधित कोई जानकारी हो, तो वह तुरंत पुलिस से संपर्क करे। यह घटना एक बार फिर सतलुज नदी के किनारे सुरक्षा उपायों की कमी को उजागर करती है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा ग्रिलए सीसीटीवी कैमरे और चेतावनी बोर्ड लगाए जाने चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।