#अपराध
March 10, 2026
हिमाचल: कोर्ट परिसर में रखा है ब.म, कभी भी हो सकता है ध.माका; ईमेल से आई धमकी
बम की धमकी मिलते ही हाई अलर्ट पर पुलिस और प्रशासन, चलाया तलाशी अभियान
शेयर करें:

शिमला। ईरान इजरायल के बीच चल रहे युद्ध के बीच अब हिमाचल प्रदेश में बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस धमकी में एक कोर्ट परिसर में बम विस्फोटक करने की मिली है। जिसके बाद से पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया है। बता दें कि हिमाचल प्रदेश में सरकारी संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में अब राजधानी शिमला के सत्र न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस प्रशासन तुरंत अलर्ट मोड में आ गए और पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार शिमला के जिला एवं सत्र न्यायालय चक्कर को एक ईमेल के माध्यम से धमकी भेजी गई थी। संदेश में दावा किया गया था कि न्यायालय परिसर में बम रखा गया है] जो किसी भी समय विस्फोट कर सकता है। यह सूचना मिलते ही अदालत परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल का 26 वर्षीय जवान शहीद- J&K में ट्रेनिंग के दौरान तोड़ा दम, कल घर पहुंचेगी पार्थिव देह
धमकी की खबर मिलते ही हिमाचल प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। इसके बाद बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड को भी तुरंत बुलाया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने अदालत भवन, पार्किंग और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की। हालांकि तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने हर कोने की जांच की ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता लगाया जा सके। कई घंटों तक चली इस कार्रवाई में कोई भी विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। इसके बाद धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हुई और न्यायालय का कामकाज फिर से शुरू कर दिया गया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी भरा ईमेल कहां से भेजा गया था। जांच एजेंसियां डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी जानकारी को खंगाल रही हैं ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके।
गौरतलब है कि इससे पहले भी कई सरकारी कार्यालयों और न्यायिक परिसरों को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। यहां तक कि हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय सहित अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों को भी पहले धमकी भरे संदेश भेजे जा चुके हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समय-समय पर सतर्कता बढ़ाई जाती रही है।
इस मामले में शिमला के बालूगंज थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि ईमेल भेजने वाले की पहचान जल्द करने की कोशिश की जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।