#अपराध
April 12, 2026
हिमाचल: विवाहिता को आया ऐसा गुस्सा, अपनी जिंदगी ही कर ली खत्म; उजड़ा हंसता खेलता परिवार
महिला ने खाया जहरीला पदार्थ
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर से एक दुखद और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने जहरीले पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और परिवार भी गहरे सदमे में है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला सिरमौर के नया गांव से सामने आया है। बताया जा रहा है कि महिला पिछले कुछ समय से अपने परिवार के साथ माजरा के नया गांव में रह रही थी। बीते कल महिला ने अज्ञात कारणों के चलते अपने घर पर ही जहरीला पदार्थ खा लिया।
घटना का पता चलते ही परिवार के लोग घबरा गए और बिना देर किए उसे तुरंत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने महिला की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन स्थिति को नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए डॉ. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज, नाहन रेफर कर दिया गया। हालांकि, किस्मत को कुछ और ही मंजूर था और नाहन ले जाते समय रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया।
गुड़िया देवी के रूप में हुई है, जो मुकेश कुमार की पत्नी थी। वह मूल रूप से बिहार के पटना जिले की रहने वाली थी।
घटना की सूचना मिलते ही माजरा थाना पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई और मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। मृतका के पति मुकेश कुमार ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि उसकी पत्नी ने गुस्से में आकर यह खतरनाक कदम उठाया था। उसने इस मामले में किसी भी व्यक्ति पर कोई शक या आरोप नहीं लगाया है।
SP सिरमौर, NS नेगी ने भी मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में महिला के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर किन परिस्थितियों में महिला ने इतना बड़ा कदम उठाया।