#अपराध
March 19, 2025
हिमाचल में 'नशेड़ी' पंजाबी का कटा 27,500 रुपए का चालान, ट्रैफिक पुलिस ने सिखाया सबक
सोलंगनाला में नशे में वाहन चलाने पर पंजाब के पर्यटक का भारी चालान
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल की पर्यटन नगरी मनाली के सोलंगनाला में एक पंजाब के पर्यटक द्वारा नशे में वाहन चलाने पर उसे भारी जुर्माना भरना पड़ा। पुलिस ने नशे में वाहन चलाने पर कुल 27,500 रुपये का चालान किया है। हालांकि, इस दौरान पर्यटक ने एक अन्य वाहन से टक्कर भी मारी थी, लेकिन दोनों के बीच समझौता होने के कारण मामला दर्ज नहीं किया गया।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम को मनाली पुलिस थाना को कुल्लू कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि सोलंगनाला में सड़क दुर्घटना हुई है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की, जिसमें पाया गया कि पलचान स्कूल के पास पीबी-10-जेडब्ल्यू-8477 नंबर की थार गाड़ी और डीएल 10-सीयू2847 नंबर की जीप के बीच टक्कर हुई थी। पंजाब नंबर की थार सोलंगनाला से मनाली की ओर आ रही थी, जबकि दिल्ली नंबर की जीप कंपास मनाली से सोलंगनाला की दिशा में जा रही थी।
यह भी पढ़ें : पंजाब में HRTC बस में तोड़फोड़: डंडे और पत्थर बरसाए, चेहरा ढक कर आए थे बदमाश
दुर्घटना उस समय हुई जब थार गाड़ी सड़क पर जमी बर्फ के कारण स्किड हो गई और जीप कंपास से टकरा गई। हालांकि, टक्कर से दोनों गाड़ियों को नुकसान हुआ, लेकिन इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई। दोनों वाहन चालकों ने आपसी समझौते के तहत मामले को सुलझा लिया और इस कारण पुलिस ने कोई मामला दर्ज नहीं किया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: पूर्व विधायक राजेंद्र राणा की पत्नी और बेटे पर चोरी का आरोप, FIR दर्ज
लेकिन पुलिस ने थार गाड़ी के चालक, सरनजोत सिंह (लुधियाना- पंजाब) को नशे की हालत में वाहन चलाने के लिए पकड़ा। डीएसपी मनाली, केडी शर्मा ने बताया कि नशे में वाहन चलाने के लिए 25,000 रुपये का चालान और लापरवाही से वाहन चलाने पर 2,500 रुपये का चालान किया गया है।