#अपराध
April 14, 2026
हिमाचल: पंचायत में किया लाखों का घोटाला- जेल की सलाखों के पीछे पहुंचे पूर्व प्रधान और सचिव
लंबे समय से मिल रही थीं गड़बड़ी की शिकायतें
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश में इन दिनों पंचायत चुनावों को लेकर हर तरफ माहौल गरमाया हुआ है। इस बीच प्रदेश के जिला चंबा से पंचायत स्तर पर बड़े घोटाले का मामला सामने आया है, जहां विकास कार्यों में लाखों रुपये की गड़बड़ी उजागर होने के बाद पूर्व प्रधान और पंचायत सचिव को पुलिस ने गिरफ्तार कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, चम्बा जिले के चुराह विधानसभा क्षेत्र की चंडी पंचायत में विकास कार्यों में भारी अनियमितताओं का मामला सामने आया है। जांच में करीब 32.80 लाख रुपये की वित्तीय गड़बड़ी उजागर होने के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए पूर्व प्रधान और पंचायत सचिव को गिरफ्तार कर लिया है। पंचायत में लंबे समय से विकास कार्यों में गड़बड़ी की शिकायतें मिल रही थीं।
प्रशासन द्वारा जांच करवाए जाने पर पाया गया कि कई परियोजनाओं में फर्जी बिल, वाउचर और नकली मस्टर रोल के जरिए सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया। आरोपियों में पूर्व प्रधान चंद्रपाल जो एक बार पंचायत प्रधान व एक बार उपप्रधान रहा है और पंचायत सचिव खेप सिंह शामिल हैं, जिन्हें हिरासत में लेकर अदालत में पेश किया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि बीते दस वर्षों के दौरान चंद्रपाल की प्रधानी व उपप्रधानी में पंचायत में हुए कई कार्य- जैसे पानी की व्यवस्था, नालियों का निर्माण, जल भंडारण, कुहल और सड़क निर्माण में नियमों की अनदेखी की गई।
जिला पंचायत अधिकारी चम्बा महेश कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि, ग्रामीणों द्वारा इन कार्यों की शिकायत प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंचाई गई थी, जिसके बाद खंड विकास अधिकारी की अगुवाई में एक जांच समिति गठित की गई। समिति में ग्रामीण विकास विभाग और पंचायत निरीक्षण से जुड़े अधिकारियों को शामिल किया गया, जिन्होंने विस्तृत जांच के बाद रिपोर्ट प्रशासन को सौंपी।
रिपोर्ट के आधार पर भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक चंबा विजय सकलानी का कहना है कि, इस मामले में आगे और भी लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है, जिससे जांच का दायरा बढ़ने की संभावना है।