#अपराध
February 19, 2025
हिमाचल : युवकों की करतूत, 15 परिवारों को किया बेघर- कमरे में फंस गई थी बच्चियां
बद्दी के अकावाली में झुग्गियां राख- पुलिस जांच में जुटी
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन स्थित बद्दी के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित अकावाली गांव में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई, जिससे करीब 10 झुग्गियां जलकर राख हो गईं। बताया जा रहा है कि इस आगजनी में 2 बच्चियां भी झुलसी है।
वहीं, जानकारी के अनुसार आग से लगभग दो लाख रुपये का नुकसान होने की खबर है। प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार, आग लगाने के पीछे कुछ युवकों का हाथ बताया जा रहा है। इस दौरान एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।आग में मजदूर दिलखुश की दो बेटियां, संध्या और आशा झुलस गईं। दोनों को गंभीर स्थिति में नालागढ़ अस्पताल भेज दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
थाना प्रभारी मानपुरा श्यामलाल ने बताया कि इस घटना में दो बच्चियां झुलसी हैं और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है, और उससे पूछताछ जारी है। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।