#अपराध
July 4, 2026
मनीषा मित्तल केस : आरोपी भाई को लेकर हिमाचल पुहंची पुलिस, दोस्त संग रची थी ह*त्या की साजिश
भाई ही निकला साजिश का मुख्य आरोपी
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल की राजधानी शिमला में हुए चर्चित मनीषा मित्तल हत्याकांड में पुलिस ने जांच पूरी कर बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, सरस्वती पैराडाइज स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल की हत्या के पीछे संपत्ति विवाद मुख्य वजह थी। मामले में मनीषा के भाई हेमांक मित्तल और उसके कारोबारी साझेदार गोविंद की भूमिका सामने आई है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
शिमला पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी हेमांक मित्तल को हरियाणा के रोहतक से शिमला लाया गया। उसे उसके कारोबारी साझेदार गोविंद के साथ न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का दावा है कि हत्या में इस्तेमाल हथियार समेत मामले से जुड़े सभी अहम साक्ष्य बरामद कर लिए गए हैं। जांच में सामने आया कि संपत्ति के लालच में पूरी साजिश रची गई थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: टैंकर की टक्कर से उछलकर बस से जा टकराया व्यक्ति, 3 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
13 जून को संजौली स्थित सरस्वती पैराडाइज स्कूल के बाहर मनीषा मित्तल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद शिमला पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया और वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। शुरुआती चरण में ही वारदात को अंजाम देने वाले दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर लिया गया था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फोरेंसिक रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन के तकनीकी विश्लेषण और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरी साजिश की कड़ियां जोड़ी गईं। पूछताछ के दौरान हेमांक मित्तल और गोविंद की भूमिका स्पष्ट हुई। पुलिस जल्द ही इस मामले में अदालत में आरोपपत्र (चार्जशीट) दाखिल करेगी।
यह भी पढ़ें : बारिश से बेहाल हिमाचल : कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, तीन दिन में 16 करोड़ का नुकसान
13 जून को संजौली स्थित स्कूल के बाहर नकाबपोश दो हमलावरों ने मनीषा मित्तल पर तीन गोलियां चलाई थीं। इस हमले में 41 वर्षीय मनीषा मित्तल की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था और अब पुलिस का दावा है कि मामले की जांच लगभग पूरी हो चुकी है।