#हादसा
July 4, 2026
हिमाचल: टैंकर की टक्कर से उछलकर बस से जा टकराया व्यक्ति, 3 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
सड़क पार करते समय तेज रफ्तार टैंकर ने मारी टक्कर
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन तेज रफ्तार, लापरवाही और सड़क सुरक्षा में खामियों के कारण लोगों की जान जा रही है। ताजा मामला मंडी जिले के पंडोह क्षेत्र से सामने आया है, जहां फोरलेन सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार टैंकर ने कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
मृतक की पहचान जागर पंचायत निवासी जीवन लाल पुत्र कौल सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर वह किसी काम से पंचायत घर आया था। काम निपटाने के बाद जब वह फोरलेन सड़क पार कर दूसरी ओर जा रहा था, तभी तेज रफ्तार टैंकर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह उछलकर सड़क किनारे खड़ी एक बस से जा टकराया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

यह भी पढ़ें : बारिश से बेहाल हिमाचल : कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, तीन दिन में 16 करोड़ का नुकसान
घटना की सूचना मिलते ही पंडोह पुलिस चौकी प्रभारी अशोक पठानिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी टैंकर चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : कर्ज के सहारे हिमाचल: 700 करोड़ रुपये का लोन लेने जा रही सुक्खू सरकार, जानें क्यों
जीवन लाल मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह अपने पीछे पत्नी और तीन बेटों को छोड़ गया है। परिवार के इकलौते कमाने वाले की अचानक मौत से घर में मातम पसरा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
हादसे के बाद बीडीसी सदस्य सौरव गुलेरिया और स्थानीय ग्रामीणों ने फोरलेन के डिजाइन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सड़क का निर्माण स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखकर नहीं किया गया, जिससे यहां लगातार हादसों का खतरा बना रहता है।
यह भी पढ़ें : लो जी... हिमाचल में ब्रेड से लदी पिकअप ही चुरा ले गए चोर, भगाने के चक्कर में खाई में गिरी; दो धरे
ग्रामीणों ने सड़क किनारे होटलों के बाहर होने वाली अवैध पार्किंग को भी दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बताया। उनका आरोप है कि कई बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन और संबंधित विभाग ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते अवैध पार्किंग हटाई जाती और यातायात व्यवस्था सख्ती से लागू की जाती, तो इस दर्दनाक हादसे को टाला जा सकता था।