#अपराध

August 13, 2026

हिमाचल की मंडी में 43 लाख का खेल : दिल्ली का व्यापारी सेब लेकर फरार, बागवानों की पेमेंट फंसी

पिछले साल खरीदा था करीब 43 लाख का सेब

शेयर करें:

himachal Shimla News

शिमला। हिमाचल में इन दिनों सेब का सीजन चल रहा है और बागवान अपनी मेहनत की फसल मंडियों तक पहुंचा रहे हैं। लेकिन इसी बीच ठियोग की पराला फल मंडी से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने आढ़तियों की चिंता बढ़ा दी है। यहां दिल्ली का एक व्यापारी करीब 43 लाख रुपये की पेमेंट किए बिना फरार हो गया। 

पिछले साल खरीदा था करीब 43 लाख का सेब

आढ़तियों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दिल्ली के जहांगीरपुरी का रहने वाला व्यापारी अशोक कुमार पिछले साल पराला मंडी में सेब खरीदने आया था। आरोप है कि उसने अलग-अलग आढ़तियों और बागवानों से करीब 43 लाख रुपये का सेब खरीदा, लेकिन बाद में उसकी पेमेंट नहीं की और वहां से चला गया। आढ़तियों को जो चेक दिए गए थे, वे भी बैंक में जमा करने पर बाउंस हो गए।

यह भी पढ़ें- 12 साल बाद भाई जमलू देवता से मिलने पहुंचे राजा घेपन, 272 KM पैदल चली देव यात्रा

अकेले एक आढ़ती के 18 लाख रुपये फंसे

पराला मंडी के आढ़ती और एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट सुशील ने बताया कि व्यापारी अशोक कुमार से उनकी करीब 18 लाख रुपये की पेमेंट लेनी है। इसके अलावा पांच-छह अन्य आढ़तियों की भी लाखों रुपये की पेमेंट फंसी हुई है। उनका कहना है कि लंबे समय से पेमेंट नहीं मिलने के कारण आढ़तियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

मंडी में आने वाले व्यापारियों की हो पूरी जांच

सुशील ने कहा कि ऐसे मामलों की वजह से बागवानों के बीच आढ़तियों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठते हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार और कृषि उपज विपणन समिति से मांग की है कि मंडियों में सेब खरीदने आने वाले व्यापारियों की सही तरीके से जांच और वेरिफिकेशन की जाए। इससे ऐसे व्यापारियों पर नजर रखी जा सकेगी और वे पेमेंट किए बिना मंडी से भाग नहीं पाएंगे।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में हर महीने 68 लोग गंवा रहे जा..न- विवाद, बीमारी और शादी बनी वजह

पेमेंट अटकने से आढ़तियों को भी होती है परेशानी

सुशील के मुताबिक, जब कोई व्यापारी आढ़तियों की पेमेंट रोक देता है तो इसका असर आगे बागवानों पर भी पड़ता है। व्यापारी से पैसा नहीं मिलने के कारण कई बार आढ़ती भी बागवानों की पेमेंट समय पर नहीं कर पाते। इसलिए मंडी में आने वाले हर व्यापारी की पूरी जानकारी और रिकॉर्ड की जांच जरूरी है।

व्यापारी ने कहा- बाजार गिरने से हुआ नुकसान

वहीं, व्यापारी अशोक कुमार ने अपने ऊपर लगे आरोपों पर सफाई दी है। उसका कहना है कि पिछले साल सीजन के आखिर में उसके पास काफी ज्यादा माल बच गया था। इसी दौरान सेब का बाजार गिर गया, जिससे उसे नुकसान हो गया। नुकसान होने के कारण वह समय पर पेमेंट नहीं कर पाया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में फिर बिगड़ेगा मौसम- 5 दिन बारिश का दौर; कल 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

ठियोग पुलिस ने शुरू की जांच

आढ़तियों की शिकायत मिलने के बाद ठियोग पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आढ़तियों ने व्यापारी अशोक कुमार को पुलिस के हवाले कर दिया है। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कितनी रकम की पेमेंट बाकी है और मामले में आगे क्या कार्रवाई बनती है।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख