#अपराध
June 10, 2025
हिमाचल : शराबी ड्राइवर ने खतरे में डाली 45 लोगों की जान, रात को बस लेकर निकल पड़ा दिल्ली-पुलिस ने रोका
बीड़-बिलिंग से दिल्ली जा रही थी वोल्वो, पुलिस ने मौके पर पकड़ा
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में पर्यटकों की जान से जुड़ी बेहद गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। रविवार रात बीड़-बिलिंग से दिल्ली के लिए रवाना हुई एक वोल्वो बस के ड्राइवर को शराब के नशे में पकड़ा गया। पुलिस ने इस ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, इस बस में छोटे बच्चों और महिलाओं सहित कुल 45 टूरिस्ट सवार थे। यदि समय रहते पुलिस कार्रवाई न करती, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। यह घटना कांगड़ा के रक्कड़ थाना क्षेत्र की है।
नॉर्दर्न ट्रैवलर कंपनी की वोल्वो बस जैसे ही रक्कड़ पहुंची, वह तकनीकी खराबी के कारण वहीं रुक गई। इसी दौरान किसी यात्री ने पुलिस को सूचना दी कि ड्राइवर की हालत संदिग्ध है। सूचना मिलते ही रक्कड़ थाना प्रभारी संदीप पटियाल और डीएसपी ज्वालामुखी तुरंत मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान सामने आया कि ड्राइवर दीपक चंदेल निवासी बल्ह, मंडी ने भारी मात्रा में शराब पी रखी थी और वह वाहन चलाने की स्थिति में नहीं था।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत दूसरी बस की व्यवस्था की और सभी यात्रियों को सुरक्षित दिल्ली के लिए रवाना किया। साथ ही, आरोपी ड्राइवर का मोटर वाहन अधिनियम के तहत 15 हजार रुपये का चालान किया गया और कंपनी को सभी यात्रियों का किराया लौटाने के निर्देश दिए गए हैं।
ज्वालामुखी के डीएसपी ने कहा कि यदि समय रहते पुलिस नहीं पहुंचती तो यह मामला दुर्घटना में बदल सकता था। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद जिला पुलिस ने सभी ट्रांसपोर्ट और टूर एंड ट्रैवल कंपनियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि ड्राइवर और कंडक्टर की नियमित मेडिकल जांच होनी चाहिए और किसी भी हाल में नशे की हालत में वाहन संचालन न हो।