#अपराध

July 6, 2025

हिमाचल : चामुंडा मंदिर में पड़ी मिली विवाहिता की देह, पति को छोड़ रह रही थी मां के घर

कॉल डिटेल्स और अन्य साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा

शेयर करें:

himachal news

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के गोहर उपमंडल से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां दुगराई बासा पंचायत की रहने वाली एक महिला का शव स्यांज क्षेत्र के काढ़ी धार स्थित सड़क किनारे चामुंडा माता मंदिर में फंदे से लटका मिला। यह मंदिर मुख्य मार्ग के समीप है और सुबह के समय जब कुछ राहगीर वहां से गुजरे तो उन्होंने मंदिर की छत से महिला को लटका देखा।

कुछ समय से मायके में रह रही थी महिला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक महिला की पहचान दीक्षा देवी पत्नी सुनील कुमार के रूप में की गई है। दीक्षा पिछले कुछ महीनों से अपने मायके, स्यांज क्षेत्र के ग्वाड़ गांव में रह रही थी। उसका ससुराल मंडी जिले के बासा क्षेत्र में है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में दो जगह फटा बादल- नहीं थम रहा तबाही का दौर, कई घर-जमीनें मलबे में बही

स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ महीने पहले दीक्षा अचानक लापता हो गई थी, जिसके बाद परिजनों ने गोहर थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। हालांकि, कुछ दिन बाद वह बासा में ही सुरक्षित मिली थी।

कॉल डिटेल्स और अन्य साक्ष्यों की भी जांच

उधर, सूचना मिलते ही गोहर पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और महिला के शव को फंदे से नीचे उतारा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल गोहर भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर यह आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, लेकिन पुलिस हर संभावित पहलू पर जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : आंगन में खेल रहा था 4 साल का मासूम, सांप ने डसा; निकले प्राण- परिजनों में मची चीख-पुकार

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दीक्षा देवी ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया। पुलिस परिजनों और जान-पहचान वालों से पूछताछ कर रही है। साथ ही महिला के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स, सोशल मीडिया गतिविधियां और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

सतर्कता से की जा रही है जांच

मामले की पुष्टि करते हुए गोहर पुलिस थाना प्रभारी ने बताया कि, यह एक संवेदनशील और गंभीर मामला है, जिसकी जांच बेहद सतर्कता से की जा रही है। बहरहाल, मंदिर जैसे पवित्र स्थल पर इस तरह की घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। सभी की निगाहें अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे मौत के पीछे की असली वजह सामने आ सके।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख