#अपराध
May 12, 2025
हिमाचल: घर में घुसे शातिरों ने ग*न प्वाइंट पर दंपति को बनाया बंधक, फिर लूट लिए नगदी और आभूषण
पुलिस थाना से मात्र 300 मीटर की दूरी पर हुई घटना
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां तीन बदमाशों ने एक घर में घुस पर गन प्वाइंट और तेज हथियार की नोक पर एक बुजुर्ग दंपति को बंधक बनाया और लाखों रुपए की नगदी और आभूषण लूट कर ले गए। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। यह घटना मंडी जिला के सुंदरनगर शहर के नया बाजार में रविवार दोपहर के समय की है।
हैरानी की बात यह है कि दिन दिहाड़े हुई यह घटना बीएसएल कॉलोनी थाना से मात्र 300 मीटर की दूरी पर घटित हुई है। वहीं शातिरों ने इस घटना की भनक आसपास रहने वाले लोगों को भी नहीं लगने दी। वारदात का अंजाम देने के बाद आरोपी बुजुर्ग दंपत्ति को बंधक बनाकर घर को बाहर से बंद कर फरार हो गए। पीड़ितों की मानें तो इस वारदात को तीन बदमाशों ने अंजाम दिया।
यह भी पढ़ें : पाकिस्तानी गोलीबारी में हिमाचल के जवान ने खो दी एक टांग, इसी साल होना था सेवानिवृत्त
इस घटना के पीड़ित नया बाजार निवासी नरेश भट्ट ने पुलिस को बताया कि रविवार दोपहर करीब दो बजे तीन लोग उनके घर में घुस आए। इन तीनों ने गननुमा और तेज हथियार दिखाकर उन्हें बंधक बना लिया और घर से लाखों के सोने चांदी के आभूषणों सहित नगदी को लूट कर फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उन्हें घर में रखे कपड़ों से बांध दिया था और उसके बाद लूट की घटना को अंजाम दिया।
वारदात के बाद सभी आरोपियों ने घर को बाहर से बंद कर दिया था। कड़ी मशकत के बाद दंपत्ति ने पहले अपने आप को खोला और उसके बाद परिवार के सदस्यों को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस थाना में मामला दर्ज करवाया गया। पीड़ितों के अनुसार तीनों आरोपी भाषा से उत्तर प्रदेश के लग रहे थे। वहीं वह तीनों ही बाइक से फरार हुए हैं।
यह भी पढ़ें : ऑपरेशन सिंदूर : हिमाचल के 2 जवानों ने बॉर्डर पर दिखाया पराक्रम, लोग कर रहे सलामती की दुआ
घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी भारत भूषण व बीएसएल कालोनी पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर घर से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने सीसीटीवी में बाइक की भी पहचान कर ली है। पुलिस के अनुसार वारदात में प्रयोग की गई बाइक चोरी की है। यह बाइक मंडी से शुक्रवार को चोरी हुई थी। आरोपियों ने उसी बाइक पर इस वारदात को अंजाम दिया और पंजाब की ओर फरार हो गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के सरकारी टीचर ने सेना को समर्पित की सालभर की सैलरी, देश के लिए बने मिसाल
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने आसपास की सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों की धरपकड़ कर ली जाएगी। वहीं इस घटना के पीड़ित नरेश भट्ट शिक्षा विभाग से प्रधानाचार्य के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं।