#अपराध
April 5, 2026
हिमाचल : महिला भिक्षु म*र्डर केस में चौंकाने वाला खुलासा- शरीर से मिले कई पुरुषों के DNA, 4 अरेस्ट
चंडीगढ़ में जाकर बेचा मोबाइल फोन
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के सरकीधार इलाके में एक महीने पहले हुई महिला बौद्ध भिक्षु की बेरहमी से हत्या के मामले में अब धीरे-धीरे बड़े खुलासे सामने आ रहे हैं। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया था। हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अब पुलिस की जांच में कई चौंकाने वाली बातें निकलकर सामने आई हैं।
बता दें कि इस केस में सबसे अहम खुलासा यह हुआ है कि इस हत्या में सिर्फ बड़े लोग ही नहीं, बल्कि एक नाबालिग भी शामिल था। पुलिस ने गहन पूछताछ के बाद इस नाबालिग को हिरासत में लिया और उसे जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया। बोर्ड के आदेश पर उसे ऊना स्थित बाल सुधार गृह भेज दिया गया है, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया चलेगी।
जांच के दौरान फोरेंसिक टीम की रिपोर्ट ने पूरे केस की दिशा ही बदल दी। मृतका के शरीर से चार से अधिक DNA सैंपल मिले थे। जब इनकी जांच की गई, तो यह साफ हुआ कि ये सभी DNA पुरुषों के हैं। इस खुलासे के बाद पुलिस को यह यकीन हो गया कि यह हत्या किसी एक व्यक्ति का काम नहीं, बल्कि कई लोगों ने मिलकर अंजाम दिया है।
इसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पकड़े गए चारों आरोपितों के DNA सैंपल लेकर उनका मिलान शुरू कर दिया है। वहीं, आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि इन सबूतों से केस और मजबूत होगा।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपितों ने सबूत मिटाने की पूरी कोशिश की थी। उन्होंने मृतका के पति का मोबाइल फोन चंडीगढ़ में जाकर बेच दिया था, ताकि पुलिस तक कोई सुराग न पहुंचे। लेकिन जिस व्यक्ति ने वह फोन खरीदा, उसने उसमें नई सिम डाल ली, जिससे अब पुलिस के लिए उस तक पहुंचने का रास्ता खुल गया है। पुलिस फिलहाल उस खरीदार की तलाश में जुटी हुई है।
एक और चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि आरोपित गगन शर्मा ने मृतका के एक कीपैड वाले फोन से अपनी दादी का सेव नंबर भी डिलीट कर दिया था। उसने ऐसा इसलिए किया ताकि पुलिस किसी भी तरह उस तक या उसके परिवार तक न पहुंच सके। लेकिन पुलिस की गहन जांच और तकनीकी मदद से अब ये सारे राज धीरे-धीरे खुलते जा रहे हैं।
पुलिस ने इस पूरे मामले में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया है, साथ ही आरोपितों के मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए गए हैं। इन सभी को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस को शक है कि मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल्स और कार की लोकेशन हिस्ट्री से इस साजिश की हर कड़ी जुड़ जाएगी और पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी।
फिलहाल इस मामले में पकड़े गए तीनों वयस्क आरोपितों को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा। उन्हें पहले ही चार दिन की पुलिस रिमांड मिल चुकी है, जिसके दौरान उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस केस में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।