#अपराध
February 20, 2026
हिमाचल में चिट्टे के खिलाफ ताबड़तोड़ एक्शन- पुलिस ने 6 तस्करों को किया अरेस्ट, नशा और कैश बरामद
NDPS एक्ट के तहत मामला किया दर्ज
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम के तहत जिला कुल्लू पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। विशेष अभियान के अंतर्गत भुंतर पुलिस को एक के बाद एक अहम सफलताएं हाथ लगी हैं। तीन अलग-अलग स्थानों पर की गई छापेमारी और नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने कुल छह आरोपियों को 53.58 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कुल्लू के सियुंड–मणिकर्ण रोड का है। यहां पुलिस टीम ने बीते कल वीरवार को गश्त और नाकाबंदी की थी। इसी दौरान सड़क किनारे ब्यास नदी की ओर एक संदिग्ध कार नंबर HP-34C-5697 खड़ी दिखाई दी। पुलिस ने जब गाड़ी के पास जाकर कार सवार युवकों से पूछताछ की तो वह घबरा गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: जमीन में किसने दबाया था बच्चा? पुलिस जांच में हुआ खुलासा- सामने आई मजबूरी
पुलिस को दोनों व्यक्तियों पर शक हुआ। शक के आधार पर जब कार की तलाशी ली गई तो उसमें दोनों आरोपीयों से 11 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। आरोपियों की पहचान राजेश कुमार उम्र 33 साल, पुत्र स्व. रवि कुमार निवासी तहसील भुंतर जिला कुल्लू तथा आशीष उम्र 40 साल, पुत्र स्व. ध्यान चंद निवासी वार्ड नंबर 9, जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
वहीं दूसरा मामला भी कुल्लू जिले का है। यहां पर पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक नशे की खरीद-फरोख्त करने वाले है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को चिट्टे और 22 फॉइल पेपर के साथ गिरफ्तार किया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की 'राजकुमारी' से नशे की खेप बरामद- 4 बार पहले भी पकड़ी जा चुकी, अब होगी जेल
तीसरे मामले में पुलिस ने जिला कुल्लू के बड़ा भुईन क्षेत्र में विमला देवी के घर के समीप छापेमारी की। पुलिस की टीम को मौके पर देखते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बिना देर किए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अर्जुन मसीह उम्र 21 साल, पुत्र काला मसीह, निवासी वार्ड नंबर 1, फॉरेस्ट चौक, गांव शमशी, जिला कुल्लू के घर में तलाशी ली।
यह भी पढ़ें : आर्थिक संकट में हिमाचल: CM सुक्खू की राहुल गांधी के साथ अहम बैठक आज- लिए जाएंगे बड़े फैसले
SP कुल्लू मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, बरामद नशीले पदार्थ के स्रोत, सप्लाई चेन और नेटवर्क का पता लगाने के लिए आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिला कुल्लू में नशे के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।