#अपराध
March 25, 2026
हिमाचल में बिना वीजा के पकड़ी गई विदेशी महिला, बाइक सवार शराबी की मदद के लिए पहुंची थी थाने
बिना दस्तावेजों के कुल्लू तक कैसे आ गई महिला ?
शेयर करें:

कुल्लू। देवभूमि हिमाचल के कुल्लू जिले में पुलिस ने एक ऐसी संदिग्ध जोड़ी को पकड़ा है जिसने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। भुंतर पुलिस ने चेकिंग के दौरान ना केवल एक शराबी बाइक सवार को दबोचा बल्कि उसके साथ रह रही एक विदेशी महिला को भी हिरासत में लिया है जिसके पास भारत में रहने का कोई वैध दस्तावेज (पासपोर्ट या वीजा) नहीं मिला।
मामला भुंतर के गड़सा चौक का है जहां पुलिस की टीम रूटीन चेकिंग पर थी। इसी दौरान लुधियाना (पंजाब) नंबर की एक मोटरसाइकिल (PB 91 B 2692) को संदिग्ध हालत में घूमते देखा गया। जब पुलिस ने बाइक सवार को रोककर 'अल्को सेंसर' से उसकी जांच की तो नतीजे चौंकाने वाले थे। चालक बुरी तरह नशे में धुत था और उसके शरीर में शराब की मात्रा तय सीमा से कहीं ज्यादा पाई गई।
पकड़े गए युवक की पहचान सौरव कुमार (निवासी लुधियाना, पंजाब) के रूप में हुई। सौरव के पास ना तो ड्राइविंग लाइसेंस था और ना ही कोई पहचान पत्र। पुलिस ने जब मोटर वाहन अधिनियम के तहत उसका चालान काटा और उसे किसी 'जमानती' (Guarantor) को बुलाने को कहा तो उसने एक महिला को फोन किया।
जब वो महिला मौके पर पहुंची तो पुलिस को उसकी हरकतों पर शक हुआ। पूछताछ करने पर पता चला कि वो एक विदेशी नागरिक है। जब पुलिस ने उससे पासपोर्ट और वीजा मांगा तो वो एक भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सकी।
पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। कड़ी पूछताछ में महिला ने खुलासा किया कि वो युगांडा की रहने वाली है और उसका नाम नाकावीसा फरीदा (30 वर्ष) है। बता दें कि बिना पासपोर्ट और वीजा के भारत के प्रतिबंधित और संवेदनशील इलाकों में घूमना एक गंभीर अपराध है।
कुल्लू के पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि:
अब पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि ये विदेशी महिला कब और कैसे भारत पहुंची और बिना दस्तावेजों के कुल्लू तक कैसे आ गई ? क्या इसके पीछे कोई बड़ा रैकेट है या ये केवल अवैध प्रवास का मामला है ? पुलिस अब सौरव और फरीदा के मोबाइल रिकॉर्ड और पिछले कुछ दिनों की लोकेशन खंगाल रही है।