कुल्लू। हिमाचल के कुल्लू जिला में अभी हाल ही में हुई बड़ी चोरी की वारदात को रिश्तेदार ने ही अंजाम दिया था। रिश्तेदार ने ही घर से 20 तोले सोना चुरा लिया था। पुलिस ने इस मामले में बड़ा खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सहित दो युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के गहने भी बरामद कर लिए हैं।
कुल्लू के सैंज में हुई थी चोरी
दरअसल कुल्लू जिला की सैंज घाटी में बीते 24 दिसंबर 2024 को एक रिहायशी मकान में 20 तोले सोने के गहनों की चोरी हुई थी। जिसकी कीमत करीब 14 लाख रुपए से भी अधिक बताई जा रही थी। यह चोरी सैंज नालागढ़ की रहने वाली रातु देवी के घर हुई थी। रातु देवी ने 26 दिसंबर को पुलिस थाना सैंज में चोरी का मामला दर्ज करवाया था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : पहले दो पोतियों और अब दादी ने त्यागे प्राण; बेटा-बहू घर से फरार
सैंज पुलिस कर रही थी मामले की जांच
पुलिस को सौंपी शिकायत में पीड़िता ने बताया था कि वह घर से कुछ ही दूर दूसरे गांव में अपने भांजे के घर गई हुई थी। जब वह वापस लौटी तो उसके घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने सभी पहलुओं को देखते हुए जब एक एक कड़ी को जोड़ा तो पुलिस के शक की सूई पीड़िता के सगे भांजे के बेटे पर आकर रूकी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : जेब में चिट्टा लिए घूम रहा था युवक, बीच रास्ते में हुआ गिरफ्तार
सगे भांजे का बेटा निकला चोर
पुलिस ने अपनी जांच को आगे बढ़ाया तो चोरी का मास्टरमाइंड पीड़िता के भांजे का 26 वर्षीय बेटा पुष्पराज निकला। चोरी की इस वारदात में पुष्पराज का साथ एक अन्य 26 वर्षीय युवक शिवम राणा ने दिया था। पुलिस ने इन दोनों ही आरोपियों को चंडीगढ़ से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के गहने भी बरामद कर लिए हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : मां की 13वीं पर बेटी के हाथ लगा फोन, मैसेज और रिकॉर्डिंग से खुले बड़ा राज
चोरी के गहनों को बेचने की फिराक में थे आरोपी
बताया जा रहा है कि दोनों ही आरोपी इन सोने के गहनों को बेचने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही दोनों पुलिस के हाथ लग गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद तीन दिन के रिमांड पर ले लिया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : चलती कार से निकलने लगा धुआं, अंदर बैठा था ड्राइवर; मची चीख-पुकार
पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी बंजार शेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने सोने के गहनों के चोरों को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।