#अपराध

September 21, 2024

हिमाचल: दुनिया छोड़ गई विवाहिता, मां बोली-पति, सास करते थे परेशान

शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में आज भी दहेज के लिए बहुओं को प्रताड़ित किया जा रहा है। कई ऐसे मामले सामने आते हैं, जिनमें ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर बहुएं अपने प्राण तक दे देती हैं। ऐसा ही एक मामला हिमाचल के कुल्लू जिला से सामने आया है। यहां एक विवाहित महिला ने ससुराल की प्रताड़ना से परेशान होकर अपनी जान दे दी है।

विवाहिता ने कर ली आत्महत्या

मामला कुल्लू जिला के तहत आते जिया गांव से सामने आया है। यहां विवाहिता के आत्महत्या का मामला सामने आया है। विवाहिता के मायका पक्ष ने बेटी की मौत के लिए ससुराल वालों को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि ससुराल वाले पैसों के लिए उनकी बेटी से झगड़ा करते थे। जिससे परेशान होकर ही उनकी बेटी ने ऐसा कदम उठाया है।

मायका पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप

मायका पक्ष ने बेटी की आत्महत्या को लेकर पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। अपनी शिकायत में मृतक विवाहिता की मां सीता देवी निवासी शाढ़ाबाई ने आरोप लगाया है कि उन्होंने अपनी बेटी गंगा की शादी जिया गांव के लड़के से धूमधाम से की थी। लेकिन ससुराल वालों ने उसे ऐसा परेशान किया कि उसने तंग आकर आत्महत्या कर ली। यह भी पढ़ें: हिमाचल : बच्चों के साथ स्कूल से लौट रहा था शिक्षक, खाई में गिर गई कार

पैसों के लिए बेटी से झगड़ा करते थे ससुराल वाले

सीता देवी ने बताया कि ससुराल पक्ष ने फोन पर उन्हें सूचना दी कि उनकी बेटी ने आत्महत्या कर ली है। सीता देवी ने बताया कि कुछ दिन पहले भी ससुराल वालों ने उन्हें फोन किया था और कहा था कि आपकी बेटी को हम वापस भेज रहे हैं, इस यहां से ले जाओ। ससुराल वाले अकसर उनकी बेटी को पैसों के लिए परेशान और झगड़ा करते थे। यह भी पढ़ें: हिमाचल : स्कूल बस और पंजाब रोडवेज में टक्कर, मची चीख-पुकार

पति और सास पर तंग करने के लगाए आरोप

सीता देवी ने शक जाहिर करते हुए कहा कि उनकी बेटी को उसकी सास और पति ने तंग किया है। जिसके चलते ही उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया है। वहीं महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। यह भी पढ़ें: दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, विधवा मां का छिन गया सहारा

क्या कहते हैं एसपी कुल्लू

एसपी डॉ कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला ने आत्महत्या की थी। मृतका के मायका पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस इस मामले में गहनता से जांच कर रही है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख