#अपराध
March 26, 2026
हिमाचल : पति-ससुर की प्रताड़ना सह नहीं सकी 20 साल की नवविवाहिता, छोड़ी दुनिया
मां ने ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप मांगा इंसाफ
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने एक बार फिर समाज में महिलाओं की सुरक्षा और पारिवारिक रिश्तों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नए सपनों और उम्मीदों के साथ शादी कर ससुराल पहुंची एक नवविवाहिता की खुशियां कुछ ही महीनों में बिखर गईं। इस नवविवाहिता ने बीते रोज बुधवार को अपनी जान दे दी।
मामला कुल्लू के चंडीगढ़ बिहाल क्षेत्र का है, जहां 20 वर्षीय कृतिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कृतिका का विवाह बिलासपुर निवासी युवक विक्रांत के साथ हुआ था। परिवार का कहना है कि शादी के शुरुआती दिनों के बाद ही उसका वैवाहिक जीवन तनाव और परेशानियों से घिर गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बड़ा हा.दसा: पंजाब के श्रद्धालुओं से भरा ट्रक पलटा, चीख-पुकार से दहला क्षेत्र
मृतका की मां ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी को पति और सास द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उनका आरोप है कि मानसिक दबाव और उत्पीड़न से तंग आकर कृतिका को यह कठोर कदम उठाना पड़ा। परिजनों का कहना है कि हालात इतने बिगड़ गए थे कि कृतिका ससुराल से अलग किराए के कमरे में रहने लगी थी, लेकिन वहां भी उसे शांति नहीं मिल पाई।
घटना के बाद परिवार का रो.रोकर बुरा हाल है और वे अपनी बेटी के लिए इंसाफ की मांग कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। मृतका की मां ने बताया कि बीते रोज भी उन्हें बेटी का फोन आया था और उसने ससुराल की प्रताड़ना के बारे में उसे बताया था। लेकिन उसे यकीन ही नहीं था बेटी इतना बड़ा कदम उठा लेगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में महंगा हो गया पेट्रोल-डीजल, इन पंपों पर आज से लागू हुए नए रेट; जानें कितने बढ़े दाम
उधर, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया और जांच शुरू कर दी है। कुल्लू के एसपी मदन लाल के अनुसार मायका पक्ष के बयान दर्ज किए जा चुके हैं और हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या कृतिका को प्रताड़ना के चलते आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया।
फिलहाल पुलिस ससुराल पक्ष से पूछताछ की तैयारी कर रही है और मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए सबूत जुटाए जा रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच निष्पक्ष होगी और यदि कोई दोषी पाया गया तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर कब तक बेटियां अपने ही घरों में सुरक्षित नहीं होंगी।