#अपराध
April 21, 2026
एक्शन मोड़ पर हिमाचल पुलिस, पांच युवक ढेर सारे चिट्टे के साथ पकड़े; बड़े नेटवर्क का होगा खुलासा!
NDPS एक्ट के तहत दर्ज किया मामला
शेयर करें:

किन्नौर। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है और अब लगभग हर दिन तस्करों पर शिकंजा कसता नजर आ रहा है। इसी कड़ी में ताजा मामला जिला किन्नौर से सामने आया है, जहां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को नशे की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला किन्नौर के रिकांगपिओ क्षेत्र का है। यहां पर SIU (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट) किन्नौर की टीम बीते कल सोमवार को नशे के खिलाफ गश्त कर रही थी। आवाजाही वाले सभी वाहनों की नियमित चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिला।
गुप्त सूचना के आधार पर SIU टीम ने इलाके में दबिश दी। इस दौरान पुलिस की कुछ युवकों की हरकतें संदिग्ध लगी। शक के आधार पर टीम ने उनको रोक लिया। जब पांचों युवकों की तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से करीब 5.22 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

रिकांगपिओ पुलिस थाने में सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है और अब आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि ये लोग नशा कहां से लेकर आए थे, किसे देने वाले थे और क्या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है।
पुलिस का कहना है कि किन्नौर में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में बिल्कुल भी ढील नहीं दी जाएगी। जो भी लोग इस धंधे में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे इस मुहिम में सहयोग करें। अगर उन्हें कहीं भी नशे से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।