#अपराध
May 1, 2026
हिमाचल: नशे के खिलाफ पुलिस का कड़ा एक्शन, भारी मात्रा में चरस बरामद- सलाखों के पीछे पहुंचे 4 तस्कर
जांच आगे बढ़ाने पर दो और आरोपी गिरफ्तार
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का एक्शन लगातार तेज होता जा रहा है। कांगड़ा पुलिस ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है। अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर नशे का कारोबार करने वालों पर शिकंजा कसा जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए भारी मात्रा में चरस के साथ 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कांगड़ा के पचरुखी इलाके का है। यहां पर बीते 28 अप्रैल को पचरुखी इलाके में विशेष टीम इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि बनूरी-पंचरुखी लिंक रोड पर कुछ लोग भारी मात्रा में चरस लेकर उसकी तस्करी करने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके में नाकाबंदी कर दी और संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने श्मशान घाट के पास एक ऑल्टो कार को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से 4 किलो 40 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने बिना देर किए कार में सवार दोनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया और मौके पर ही कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी कुल्लू जिले के आनी में स्थित अलग-अलग गांव के रहने वाले हैं। गोपाल उम्र 24 साल निवासी खून्न गांव और सुरेंद्र कुमार उम्र 37 साल निवासी डगूट गांव के रूप में हुई है।

पूछताछ और जांच के दौरान यह सामने आया कि यह चरस की खेप पालमपुर इलाके में सप्लाई के लिए भेजी जा रही थी। इसके बाद पुलिस ने इस नेटवर्क को पकड़ने के लिए कार्रवाई तेज कर दी और सबूत जुटाने के बाद इस पूरे मामले से जुड़े दो और आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें : स्कूल की हालत देख 'मिसेज CM' को आया गुस्सा, स्टाफ को लगाई फटकार; 'क्लास फेलो' को भी नहीं बख्शा

SP कांगड़ा अशोक रत्न ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। शुरुआती जांच में सभी की संलिप्तता नशे के कारोबार में पाई गई है। उन्होंने साफ कहा कि नशे का धंधा करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर इस नेटवर्क के अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।