#अपराध
May 15, 2026
हिमाचल: मां-बेटे ने घर में खोल रखी थी नशे की दुकान, लाखों के चिट्टे संग धरे दोनों
मां-बेटा को मौके से किया गिरफ्तार
शेयर करें:

कांगड़ा। माता-पिता से हमेशा यह अपेक्षा की जाती है कि वे अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दें और उन्हें जीवन में सही मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करें, ताकि वे किसी भी गलत कार्य से दूर रहें। लेकिन जिला कांगड़ा से इसके विपरीत एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है।
यहां एक मां, जिस पर बेटे को सही दिशा दिखाने की जिम्मेदारी थी, वही मां बेटे के साथ नशे के काले कारोबार में उसका साथ देने लगी। जिसकी भनक लगते ही पुलिस ने अब बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों मां बेटे को लाखों के नशे चिट्टे के साथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कांगड़ा के भदरोया गांव से सामने आया है। यहां पर पुलिस जिला नूरपुर की CIA टीम ने नशे के खिलाफ गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गांव भदरोया के एक रिहायशी मकान में नशे की खरीद-फरोख्त होने वाली है। टीम तुरंत मौके की तरफ रवाना हो गई।
पुलिस को लंबे समय से भदरोया क्षेत्र में नशे की खरीद-फरोख्त को लेकर गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं। इन्हीं सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए CIA टीम ने पुख्ता जानकारी जुटाई और फिर अचानक गांव भदरोया स्थित एक घर में दबिश दी। कार्रवाई इतनी तेज थी कि आरोपियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने पूरे घर की गहनता से तलाशी ली। इस दौरान पुलिस को एक संदिग्ध पैकेट मिला, जिसे बड़ी चालाकी से सिलाई मशीन के स्टैंड के नीचे छिपाकर रखा गया था। जब पैकेट को खोलकर जांच की गई तो उसमें से 41.40 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। यह देखकर पुलिस टीम भी हैरान रह गई कि नशे की खेप को इतनी सफाई से घरेलू सामान के नीचे छिपाया गया था।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान 43 वर्षीय वनीता देवी पत्नी दरबारी लाल और उनके 24 वर्षीय बेटे अमन के रूप में हुई है। दोनों वार्ड नंबर-3, भदरोया के रहने वाले बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दोनों लंबे समय से इस अवैध गतिविधि में शामिल हो सकते हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना डमटाल में NDPS एक्ट के तहत सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही बरामद नशे की खेप को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। इस बात की जांच की जा रही है कि यह नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस का मानना है कि इस मामले में और भी लोग शामिल हो सकते हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल दो आरोपियों को पकड़ना नहीं है, बल्कि पूरे ड्रग नेटवर्क की जड़ तक पहुंचना है। इसके लिए टीम लगातार जांच में जुटी हुई है और जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा हो सकता है।