#अपराध
September 11, 2026
हिमाचल : खड्ड में पड़ी मिली महिला, शरीर पर नहीं था एक भी कपड़ा- जांच में जुटी पुलिस
पुलिस कर रही मामले की जांच
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक महिला का शव पानी से बरामद हुआ। महिला का शव पानी में औंधे मुंह पड़ा हुआ था। जैसे ही लोगों को इसकी जानकारी मिली, मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई।
महिला का शव नग्न अवस्था में मिलने से मामला और भी संदिग्ध हो गया है। बताया जा रहा है कि महिला के शरीर पर चोट और घर्षण के निशान भी पाए गए हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है। सूचना मिलने के बाद एएसपी धर्म चंद वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और आसपास के क्षेत्र में भी जानकारी हासिल की।
पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की उम्र करीब 50 वर्ष बताई जा रही है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक महिला की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस के अनुसार शव ज्यादा पुराना नहीं लग रहा है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद महिला की मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
महिला की पहचान कराने के लिए पुलिस ने शव को नागरिक चिकित्सालय नूरपुर के शवगृह में रखा है। शव को करीब 72 घंटे तक शिनाख्त के लिए रखा जाएगा। इस दौरान पुलिस आसपास के क्षेत्रों में महिला के बारे में जानकारी जुटा रही है, ताकि उसके परिजनों या पहचान से जुड़ी कोई जानकारी मिल सके।
ASP धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। महिला की पहचान के लिए साथ लगते राज्यों की पुलिस को भी सूचना दी गई है। इसके अलावा सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों के जरिए भी महिला की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला कौन थी और वह चक्की खड्ड तक कैसे पहुंची।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस जिला नूरपुर में फिलहाल इस तरह की किसी महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं है। ऐसे में अब आसपास के जिलों और पड़ोसी राज्यों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस महिला की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।