#अपराध
August 5, 2025
हिमाचल: नशे ने छीना परिवार का जवान बेटा, डेढ़ साल की बेटी के सिर से उठा पिता का साया
नशे की ओवरडोज से 26 वर्षीय युवक की गई जान
शेयर करें:

ठाकुरद्वारा (कांगड़ा)। हिमाचल में बढ़ते नशे ने एक और परिवार के चिराग को बुझा दिया है। 26 साल के जवान बेटे की मौत से जहां परिवार को गहरा सदमा लगा है। वहीं डेढ़ साल की बेटी के सिर से भी पिता का साया सदा के लिए उठ गया है। टैक्सी चालक पिता की आर्थिक मदद करने के लिए युवक विदेश में नौकरी करने लगा था, और अभी हाल ही में घर छुट्टी पर आया था। लेकिन परिवार को क्या पता था कि नशे की लत उनसे उनके जवान बेटे को छीन लेगी।
दरअसल बीती रात को कांगड़ा जिला के मिलवां में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना इंदौरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीती रात घटित हुई। मृतक की पहचान 26 वर्षीय सचिन जम्वाल पुत्र दर्शन सिंह, निवासी मानसर तहसील मुकेरियां के रूप में हुई है। सचिन बीती रात को अपने एक दोस्त के साथ मिलवां में स्थित एक निजी होटल हवेली में में रूका था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में नियमित नहीं होंगे अवैध कब्जे, हाईकार्ट ने रद्द की नीति; सरकार पर भी की सख्त टिप्पणी
आज सुबह सचिन के टैक्सी चालक पिता दर्शन सिंह को सूचना मिली कि सचिन कमरे में बेसुध पड़ा है। जब वे होटल पहुंचे तो पूरा होटल खुला था, और वहां ना तो होटल मालिक था और ना ही स्टॉफ। दर्शन सिंह जब कमरे में पहुंचे तो बेटा बेसुध पड़ा हुआ था। आनन-फानन में परिजन उसे मुकेरियां अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सचिन के अचानक चले जाने से उसका परिवार पूरी तरह टूट गया है। वह हाल ही में विदेश से छुट्टियों पर आया था। उसकी एक डेढ़ साल की मासूम बेटी है और पत्नी सदमे में है। परिवार की खुशियों को नशे की लत निगल गई। टैक्सी चालक पिता का कहना है कि अगर होटल प्रबंधन ने समय रहते मदद की होती, तो शायद आज उनका बेटा जिंदा होता।
यह भी पढ़ें : अब धराली गांव में फटा बादल: तिनके की तरह बह गए दर्जनों घर, 50 से अधिक लोग लापता; 4 देह मिली
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने दोपहर करीब 1.30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। जाम की वजह से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोगों का कहना था कि होटल प्रबंधन की लापरवाही से एक युवा की जान गई है। पुलिस और प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ लोगों ने कड़ा विरोध जताया। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी आशीष पठानिया ने लोगों को समझाया और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि होटल मालिक रवि को गिरफ्तार कर लिया गया है और फोरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी सबूत इकट्ठा कर लिए हैं।
सूचना मिलते ही SDM इंदौरा सुरेन्द्र ठाकुर और तहसीलदार मौके पर पहुंचे और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि शव के पास नशा करने से जुड़े कुछ प्रमाण मिले हैं। होटल को सील कर दिया गया है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। टूरिज्म विभाग को भी होटल की गतिविधियों की जांच के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बारिश का कहर: जलमग्न हो रहा मंडी, कई घर टूटे; पानी में डूब गई गाड़ियां
स्थानीय लोगों का कहना है कि मिलवां और छन्नी बेली गांव नशे के अड्डे बन चुके हैं। पंजाब की सीमा से सटे इन गांवों में बाहरी परिवारों ने जमीनें लेकर चिट्टे का कारोबार फैला रखा है। बताया जाता है कि जालंधर, दसूहा, पठानकोट जैसे इलाकों से युवा यहां नशा खरीदने आते हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि नशे के इस धंधे से जुड़े लोग आलीशान कोठियों में रहते हैं और प्रशासन सब कुछ जानते हुए भी मूकदर्शक बना हुआ है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि इन तस्करों की संपत्ति की जांच हो और इस पूरे क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।