#अपराध
April 14, 2026
HRTC बस चालक-परिचालक ने फोड़ दिया यात्री का सिर, बरसाए लात घूंसे, जाने क्यों हुआ विवाद
कांगड़ा से हरिद्वार जाने के लिया था टिकट
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आए दिन सामने आ रही ऐसी शिकायतें परिवहन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। इसी कड़ी में अब एक और सनसनीखेज मामला जिला कांगड़ा से सामने आया है, जहां एक HRTC बस में मामूली बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि ड्राइवर और कंडक्टर ने मिलकर एक यात्री की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस हमले में यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपथ हालत में उसे इलाज के लिए ले जाना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कांगड़ा के धर्मशाला से सामने आया है। बताया जा रहा है कि 10 अप्रैल को राहुल शर्मा कांगड़ा से हरिद्वार जाने के लिए HRTC बस में सवार हुए थे। उन्होंने शुरुआत में चंडीगढ़ तक का टिकट लिया था क्योंकि उनका एक दोस्त भी आगे चलकर उसी बस में चढ़ने वाला था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बड़ा हाद.सा : 2 लोगों की मौ*त; बैसाखी पर बच्चों से मिलने आए थे परिजन- खाई में गिरी कार
योजना यह थी कि दोस्त के आने के बाद वे आगे का सफर साथ में तय करेंगे और टिकट भी उसी हिसाब से ले लेंगे। लेकिन चंडीगढ़ पहुंचने पर उनका दोस्त बस में नहीं आया। इस दौरान डॉ. राहुल शर्मा बस में ही सो गए और आगे के सफर के लिए नया टिकट नहीं ले पाए। रात के समय जब कंडक्टर ने उन्हें जगाया और टिकट के बारे में पूछा, तो इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि यह कहासुनी धीरे-धीरे विवाद में बदल गई और हालात इतने बिगड़ गए कि कंडक्टर और ड्राइवर ने मिलकर यात्री के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि मारपीट इतनी गंभीर थी कि यात्री का सिर तक फट गया और उन्हें चोटें आईं। घटना के बाद बस को भगवानपुर के पास रोका गया, जहां रात में ही घायल यात्री का प्राथमिक इलाज कराया गया।
चंबा जिले के सिंहुतां क्षेत्र के उपला मलाहड़ा गांव के रहने वाले डॉ. राहुल शर्मा ने निगम प्रबंधन के पास ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत मिलते ही बैजनाथ डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक (RM) ने तुरंत एक्शन लिया और संबंधित ड्राइवर व कंडक्टर को उस रूट से हटा दिया।
फिलहाल दोनों के खिलाफ विभागीय जांच चल रही है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर HRTC की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों के व्यवहार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।