#अपराध
March 2, 2026
हिमाचल में पंजाबी चिट्टा तस्कर ने उगले राज, बोला -23 वर्षीय युवक को करना था सप्लाई; पुलिस ने धरा
NDPS एक्ट के तहत दर्ज किया मामला
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। हाल ही में बाहरी राज्य से पकड़े गए एक नशा तस्कर से पूछताछ के दौरान पुलिस को अहम जानकारी हाथ लगी है। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी नशे की खेप किस व्यक्ति तक पहुंचाने वाला था, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कांगड़ा के धर्मशाला का है। दरअसल, 24 जनवरी को कांगड़ा पुलिस की विशेष टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि धर्मशाला क्षेत्र में चिट्टा की सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और पंजाब के तरनतारन निवासी ललित कुमार उर्फ टिंकू उम्र 34 साल को 10.58 ग्राम चिट्टा के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी वार्ड नंबर-1, गुरुतेग बहादुर नगर, गली नंबर-4, थाना सिटी तरनतारन, पंजाब का रहने वाला है। उसके खिलाफ धर्मशाला थाने में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस पूछताछ, मोबाइल की तकनीकी जांच और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री खंगालने के दौरान अहम खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि बरामद किया गया चिट्टा धर्मशाला के एक युवक को सप्लाई किया जाना था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अनिकेत उम्र 23 साल गांव व डाकघर सराह, तहसील धर्मशाला, जिला कांगड़ा के रुप में हुई है। जांच में यह भी सामने आया है कि अनिकेत कोई नया आरोपी नहीं है, बल्कि आदतन अपराधी है।
उसके खिलाफ पहले भी मादक पदार्थ अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2022 में थाना शाहपुर में 8.05 ग्राम चिट्टा बरामदगी का मामला और वर्ष 2025 में थाना धर्मशाला में 8.05 ग्राम चिट्टा बरामदगी का मामला शामिल है।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं। कांगड़ा पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।