#अपराध
April 26, 2026
हिमाचल: घास को लेकर आपस में भिड़े चाची-भतीजा, गुस्से में आकर दोनों ने उठाया ऐसा कदम...
एक दूसरे के खिलाफ दर्ज करवाई शिकायत
शेयर करें:

कांगड़ा। देवभूमि हिमाचल में दराट से जुड़े हिंसक मामलों पर लगाम नहीं लग पा रही है। सिया हत्याकांड की घटना को अभी ज्यादा समय भी नहीं बीता था कि कांगड़ा जिले से एक और चौंकाने वाला मामला सामने आ गया। यहां मामूली कहासुनी ने ऐसा खतरनाक रूप ले लिया कि चाची और भतीजे ने गुस्से में आकर एक-दूसरे पर दराट से हमला कर दिया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कांगड़ा के थाना पंचरुखी के तहत भरवाना पंचायत के भुआणा वार्ड नंबर 2 का है। यहां पर चाची और भतीजे के बीच मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया। बताया जा रहा है कि सपना और राजकुमार, जो आपस में चाची-भतीजा हैं उनके बीच घास काटने को लेकर कहासुनी हो गई।
पहले तो दोनों के बीच बहस हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ने गुस्से में आकर एक-दूसरे पर दराट से हमला कर दिया। इस हमले में सपना के माथे पर गंभीर चोट आई, जबकि राजकुमार के गले में दराट लगने से वह भी घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए और किसी तरह स्थिति को संभाला गया।
हैरानी की बात यह रही कि घटना के बाद दोनों पक्ष खुद ही थाना पंचरुखी पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने दोनों की शिकायत सुनने के बाद उन्हें मेडिकल जांच के लिए नागरिक चिकित्सालय पालमपुर भेज दिया। इसके बाद दोनों पक्ष अपना-अपना मेडिकल करवाने अस्पताल पहुंचे। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।