#अपराध
March 8, 2025
हिमाचल: पुलिस की परीक्षा में हाईटेक नकल, अंडरगारमेंट से निकला माइक्रोफोन और..
पुलिस को गिरोह के शामिल होने की आशंका, पूछताछ के बाद पकड़े जा सकते हैं और भी लोग
शेयर करें:

सोलन। परीक्षा में नकल मारने के लिए लोग क्या नहीं करते। अभी तक आपने शरीर पर नकल सामग्री, ईयरफोन जैसे गैजेट्स को छिपाकर नकल करते सुना होगा, लेकिन सोलन में एक बंदा तो अंडरगारमेंट्स में माइक्रोफोन छिपाकर पुलिस को धोखा देने चला आया। जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो सिम और मोबाइल भी मिला।
मामला रेलवे पुलिस बल में कांस्टेबल भर्ती का था। पुलिस को बेवकूफ बनाने आया बंदा हरियाणा का था। शक के आधार पर जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो आरोपी राहुल गांव खेड़ा डाकघर एवं तहसील गोहाना जिला सोनीपत (हरियाणा) इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस माइक्रोफोन, जैक बैटरी व मोबाइल फोन सिम मिली।
बद्दी स्थित महाराजा अग्रसेन विश्वविद्यालय परिसर में हो रही परीक्षा से पहले युवक को गेट के अंदर ही पकड़ा गया। फिर विश्वविद्यालय के प्रबंधकों ने बरोटीवाला थाना को सूचित किया। यहां पर रेलवे पुलिस के तैनात स्टाफ ने उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दी। बरोटीवाला थाना से पुलिसकर्मी और अंबाला से रेलवे के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
युवक ने अंडरवियर के अंदर दोनों टांगों के बीच डिवाइस छिपाया था। उन्होंने बताया कि थाना बरोटीवाला में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जिला बद्दी के पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
रेलवे की ओर से अधिकृत सुरक्षा कंपनी के साथ अपने स्टाफ को भी जांच के लिए तैनात किया था। संयुक्त जांच में यह मामला पकड़ में आया है। आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है। विश्वविद्यालय में एक मार्च से परीक्षाएं चल रही हैं।