#अपराध
July 24, 2026
हिमाचल : शराबी पति ने नशे के लिए मांगे पैसे, पत्नी ने किया इनकार- तो उठा लिया गलत कदम
पत्नी से दोबारा शराब पीने के लिए मांगे पैसे
शेयर करें:

हमीरपुर। नशा एक ऐसी बुरी लत है, जो न सिर्फ इंसान की जिंदगी बर्बाद करती है, बल्कि हंसते-खेलते परिवारों को भी उजाड़ देती है। नशे के कारण कहीं लोग अपनों की जान के दुश्मन बन जाते हैं तो कहीं खुद ही अपनी जिंदगी खत्म करने जैसा खौफनाक कदम उठा लेते हैं।
ऐसा ही एक ताजा मामला हमीरपुर जिले से सामने आया है। यहां शराब की लत से परेशान एक 47 वर्षीय व्यक्ति ने पत्नी से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पत्नी ने पैसे देने से इनकार किया तो वह नाराज हो गया और बाद में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला हमीरपुर के के भोरंज उपमंडल के अंतर्गत आती ग्राम पंचायत हिम्मर के गांव दरोवड़ी से सामने आया है। बताया जा रहा है कि गत शाम वह शराब के नशे में अपने घर पहुंचा था। घर पहुंचने के बाद अजय कुमार ने अपनी पत्नी से शराब पीने के लिए पैसे मांगे।
पत्नी ने उसे पैसे देने से इनकार कर दिया। इसके बाद वह नाराज हो गया। पत्नी ने शायद यह सोचकर उसे पैसे नहीं दिए कि शराब की वजह से पहले ही परिवार परेशान है और उसे दोबारा शराब पीने के लिए पैसे देना ठीक नहीं होगा।
पत्नी के पैसे देने से इनकार करने के बाद वह घर के अन्य कामों में व्यस्त हो गई। कुछ देर बाद जब वह किसी काम से घर की छत पर गई तो वहां का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। उसने देखा कि उसका पति छत के साथ लगते एक पेड़ के सहारे फंदे से लटका हुआ था।
यह दृश्य देखते ही पत्नी के पैरों तले जमीन खिसक गई। घर में चीख-पुकार मच गई और परिजनों ने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद घटना की सूचना भोरंज पुलिस को दी गई।
अजय कुमार उम्र 47 साल, पुत्र रावणमल, निवासी गांव दरोवड़ी, डाकघर हिम्मर के रूप में हुई है। अजय कुमार मिस्त्री का काम करता था।
सूचना मिलते ही भोरंज थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, गांव में भी इस घटना को लेकर लोग काफी दुखी हैं।
पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलबीर सिंह ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर लिया है और मामले में नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।