#अपराध
February 5, 2026
हिमाचल : पढ़ाई के तनाव ने उजाड़ा परिवार, रावी में कूदा युवक- परिजनों को 36 दिन बाद मिली देह
चमेरा जलाशय में नाविकों ने तैरती देखी युवक की देह
शेयर करें:

चंबा। आजकल पढ़ाई और करियर का दबाव बच्चों पर इस कदर बढ़ गया है कि कई बार वे इसे सहन नहीं कर पाते और गलत कदम उठा लेते हैं। ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला मामला चंबा जिले से सामने आया है। यहां पढ़ाई के भारी तनाव से जूझ रहे एक छात्र ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। बताया जा रहा है कि मानसिक दबाव में आकर छात्र ने पुल से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। यह घटना न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे इलाके को झकझोर कर रख देने वाली है।
बता दें कि मामला जिला चंबा का है। यहां पर एक युवक ने कांडी पुल से रावी नदी में छलांग लगा दी थी। जिसके बाद युवक करीब 36 दिन पहले लापता। आखिरकार मंगलवार को उसका शव चमेरा जलाशय के पलेई इलाके में बरामद किया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, चमेरा जलाशय में रोजाना नाव चलाने वाले कुछ नाविकों ने पानी में एक शव को तैरते हुए देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। बाद में उसकी पहचान उस युवक के रूप में हुई, जो 36 दिन पहले कांडी पुल से नदी में कूदने के बाद लापता हो गया था।
परिजनों ने बताया कि मृतक युवक शिमला में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह पिछले काफी समय से पढ़ाई और करियर को लेकर मानसिक दबाव में था। परीक्षा, भविष्य और पढ़ाई का तनाव उस पर हावी हो गया था। इसी वजह से वह परेशान रहने लगा था। परिजनों का कहना है कि तनाव के चलते ही वह कुछ दिन पहले अपने घर लौटा था, लेकिन घर आने के बाद भी उसकी परेशानी कम नहीं हुई।
परिजनों के अनुसार, एक दिन युवक अचानक घर से निकला और कांडी पुल पहुंचकर रावी नदी में छलांग लगा दी। इसके बाद से वह लापता था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
युवक की तलाश के लिए पुलिस, प्रशासन और स्थानीय गोताखोरों की टीमें लगातार जुटी रहीं। नदी का तेज बहाव और चमेरा जलाशय की गहराई सर्च ऑपरेशन में बड़ी परेशानी बन रही थी। कई दिनों तक प्रयास करने के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया। आखिरकार करीब पांच हफ्ते बाद पानी के बहाव के साथ उसका शव पलेई इलाके तक पहुंच गया।
SP चंबा विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कांडी पुल से छलांग लगाने वाले युवक का शव बरामद कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।