#अपराध
March 8, 2025
हिमाचल: न बात, न बतंगड़- कहीं से एक सिरफिरा आया और घर के बाहर खड़ी बुलेट को फूंक दिया
पुलिस को अपना नाम भी नहीं बता पा रहा है आरोपी
शेयर करें:

कांगड़ा। बिना किसी बात-बतंगड़ के अगर कोई आपके घर के बाहर खड़ी गाड़ी को आग लगा दे तो आप उसे क्या कहेंगे ? कुछ ऐसा ही वाकया कांगड़ा जिले के नूरपुर उप मंडल में सामने आया, जब मानसिक संतुलन खो चुके एक सिरफिरे परदेसी ने एक घर के बाहर खड़ी बुलेट को फूंक दिया और खेत में पड़ी पराली और सूखी घास को भी आग लगा दी। ग्रामीणों ने आरोपी को खुद ही पकड़कर पुलिस के हवाले किया है।
ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस कार्रवाई की जा रही है। घटना गेही लगोड़ पंचायत की है। प्रभावित परिवार ने हाल ही में नया मकान बनाया था। उसी मकान के बाहर खड़ी बुलेट को किसी प्रवासी ने आग लगा दी।
आग फैली तो पास में रखी पराली और सूखी घास भी उसकी चपेट में आ गई। प्रवासी आग लगाकर चला गया। आग देखकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बाद में गांव के लोगों ने प्रवासी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार व्यक्ति अपना नाम तक नहीं बता पा रहा था।
प्रभावित परिवार पंचायत के उपप्रधान कर्म सिंह कम्मा और भाजपा मंडल अध्यक्ष अनूप राणा के नेतृत्व में एसडीएम नूरपुर को ज्ञापन देकर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई अमल में लाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसा व्यक्ति पूरे समाज के लिए खतरा है, क्योंकि आज उसने मोटरसाइकिल और घास के ढेरों को आग लगाई है, कल यह किसी के घरों को भी फूंक सकता है।
ऐसा व्यक्ति कल को किसी को भी चोट पहुंचा सकता है इसलिए उस पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। प्रशासन अब पुलिस को मामले की जांच का आदेश जारी करेगा, ताकि दोषी को उचित दंड दिया जा सके।वहीं, प्रभावितों के लिए भी उचित मुआवजा देने का प्रयास रहेगा।