#अपराध
July 14, 2026
हिमाचल के गांव में लाखों का चिट्टा बेचने आए थे 2 युवक- तराजू भी था साथ, पुलिस ने दबोचा
NDPS एक्ट के तहत दर्ज किया मामला
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसके बावजूद तस्कर अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। इसी कड़ी में अब बिलासपुर जिले से एक और मामला सामने आया है, जहां पुलिस थाना कोट कहलूर की टीम ने नाकाबंदी के दौरान दो युवकों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला बिलासपुर के जंडोरी गांव से सामने आया है। यहां पर पुलिस टीम नशे के खिलाफ गश्त कर रही थी। आवाजाही वाले सभी वाहनों की नियमित चेकिंग की जा रही थी। पुलिस के मुताबिक, टीम जंडोरी गांव के पास गश्त और नाकाबंदी कर रही थी।
इसी दौरान HP20-B-5305 नंबर की एक बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। दोनों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से 13.39 ग्राम चिट्टा और नशा तौलने के लिए इस्तेमाल होने वाली छोटी इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन बरामद हुई।
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान धनपत उर्फ गोल्डी और रोहित कुमार उर्फ रोतू के रूप में की है। दोनों गांव बरोठा डवाला, डाकघर तरसूह, तहसील श्री नयना देवी जी, जिला बिलासपुर के रहने वाले हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद चिट्टे के अलावा नशा तौलने वाली इलेक्ट्रॉनिक मशीन और जिस बाइक पर दोनों सवार थे, उसे भी अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस का मानना है कि इन सामानों का इस्तेमाल नशे की तस्करी में किया जा रहा था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कोट कहलूर में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आए थे और इसे किसे सप्लाई करने वाले थे। मामले की जांच जारी है।