#अपराध
July 5, 2026
हिमाचल: नयनादेवी मंदिर में चोरी- श्रद्धालु के सोने के कंगन झपटे, पंजाब से दबोचा आरोपी
दर्शन के दौरान महिला से झपट लिए थे सोने के कंगन
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में स्थित विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नयनादेवी मंदिर में दर्शन करने आई एक महिला श्रद्धालु से सोने के कंगन झपटने के मामले में बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने महज चार दिन के भीतर मामले का खुलासा करते हुए पंजाब के पटियाला से गिरोह के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से करीब 6.50 लाख रुपये कीमत के दोनों सोने के कंगन और वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली गई है।
जानकारी के मुताबिक, 28 जून को एक महिला श्रद्धालु माता श्री नयनादेवी के दर्शन करने मंदिर पहुंची थी। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर बदमाशों ने उसके हाथों से दो सोने के कंगन झपट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया और महिला ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
यह भी पढ़ें : खुशखबरी: हिमाचल के राशन डिपो में पहुंचा सरसों तेल, बाजार से 60 रुपये सस्ता मिलेगा
शिकायत मिलते ही थाना कोट पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। आरोपियों को पकड़ने के लिए एक विशेष जांच टीम बनाई गई। टीम ने मंदिर परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा संदिग्ध वाहनों की आवाजाही, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी बारीकी से जांच की गई। पुलिस ने अलग-अलग सुरागों को जोड़ते हुए आखिरकार स्नैचिंग गिरोह तक पहुंच बनाई।
तकनीकी जांच के आधार पर बिलासपुर पुलिस की टीम पंजाब पहुंची और पटियाला जिले के गांव रोहटी छन्ना निवासी हरिंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर महिला से छीने गए करीब 6.50 लाख रुपये कीमत के दोनों सोने के कंगन बरामद कर लिए गए। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार भी अपने कब्जे में ले ली है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : कार्यक्रम से लौट रहे 5 युवकों की कार हाद.से का शिकार, खाई में जा समाई
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। सुनवाई के बाद अदालत ने उसे चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस का कहना है कि यह वारदात किसी एक व्यक्ति ने नहीं, बल्कि एक संगठित स्नैचिंग गिरोह ने मिलकर अंजाम दी थी। रिमांड के दौरान आरोपी से गिरोह के बाकी सदस्यों के बारे में पूछताछ की जाएगी और जल्द ही इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।
SP बिलासपुर अभिषेक धीमान ने कहा कि श्री नयनादेवी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अपराध करने वालों के खिलाफ तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मंदिर क्षेत्र में सक्रिय स्नैचिंग और अन्य आपराधिक गिरोहों पर पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।