#अपराध
March 31, 2026
हिमाचल : चिट्टे की बड़ी डील करने निकले थे 3 यार, रास्ते में हुआ पुलिस से सामना- पहुंचे सलाखों के पीछे
पुलिस ने कार से किया ढेर सार चिट्टा बरामद
शेयर करें:

बिलासपुर। जिस उम्र में युवाओं को पढ़ाई-लिखाई कर अपने भविष्य को संवारना चाहिए, उसी उम्र में कुछ लोग नशे के काले रास्ते पर भटक रहे हैं। यह न सिर्फ उनके जीवन को बर्बाद कर रहा है, बल्कि समाज के लिए भी चिंता का विषय बनता जा रहा है। ऐसा ही एक ताजा मामला हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर से सामने आया है, जहां पुलिस ने तीन व्यक्तियों को चिट्टे की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला बिलासपुर के मंडी भराड़ी क्षेत्र का है। यहां पर पुलिस टीम गश्त कर रही थी। आवाजाही वाले सभी वाहनों की नियमित चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक कार नंबर HP 91-6134 को तलाशी के लिए रोका।
कार में तीन लोग सवार थे, जो पुलिस को देखकर घबरा गए और संदिग्ध हरकतें करने लगे। पुलिस ने जब चालक से गाड़ी के दस्तावेज मांगे तो वह सही जवाब देने के बजाय टालमटोल करने लगा। इसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 13.30 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी नशे की खेप कहा से लाए थे और आगे किसे देने वाले थे।
SP संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कि यह सफलता पुलिस को नाकाबंदी के दौरान मिली। साथ ही उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।