#अपराध
April 27, 2026
हिमाचल के होटल में चल रहा था नशे का खेल, ढेर सारे चिट्टे संग दबोचा हरियाणवी तस्कर
गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के युवाओं को नशे के कारोबार से बचाने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में बाहरी राज्यों से आने वाले नशा तस्करों पर भी पुलिस की कड़ी नजर बनी हुई है। ताजा मामला जिला बिलासपुर से सामने आया है, जहां पुलिस ने नशे की बड़ी खेप के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिलासपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ सख्त अभियान चला रही थी। आवाजाही वाले सभी वाहनों की नियमित जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम के एक गुप्त सूचना मिली कि चंपा पार्क के पास स्थित होटल अनंत में नशे से जुड़ी गतिविधि हो सकती है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और होटल में छापा मारा। छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल के कमरा नंबर 202 की तलाशी ली, जहां एक संदिग्ध युवक मौजूद था। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 12.95 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान तेजवीर सिंह उम्र 34 साल, निवासी बहु जमालपुर, जिला रोहतक, (हरियाणा) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह यह नशे की खेप कहां से लेकर आया था और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाने की योजना थी। पुलिस इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है ताकि नशे के इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।
बिलासपुर के SP संदीप धवल ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी हाल में ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।