#अपराध
July 29, 2026
हिमाचल : डिनर कर सोने गया जवान, सुबह थम चुकी थी सांसें- 2 दिन पहले ही आया था छुट्टी
पूरे इलाके में पसरा मातम, जांच में जुटी पुलिस टीम
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में छुट्टी पर घर आए भारतीय सेना के एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जवान का शव उनके घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बड़सर उपमंडल के लोहारली गांव निवासी रवि कुमार के रूप में हुई है। वह हाल ही में छुट्टी लेकर अपने घर आए थे। बताया जा रहा है कि रात को परिवार के साथ भोजन करने के बाद वह अपने कमरे में सोने चले गए। अगली सुबह उनकी पत्नी जब कमरे में पहुंचीं तो उन्होंने रवि कुमार का शव फंदे से लटका देखा। इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर बड़सर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
रवि कुमार अपने पीछे पत्नी और करीब ढाई साल के मासूम बेटे को छोड़ गए हैं। जवान की अचानक हुई मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिवार गहरे सदमे में है।
DSP लालमन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।