#अपराध
July 3, 2026
हिमाचल: 'पैसों का लालच या नशे की लत', चिट्टे की बड़ी खेप संग धरे 4 युवक, दो 25 और 26 साल के
नूरपुर और शाहपुर पुलिस थाना टीम ने की बड़ी कार्रवाई
शेयर करें:

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में सफेद जहर यानी चिट्टा युवा पीढ़ी को तेजी से अपनी गिरफ्त में ले रहा है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए दिन नशा तस्करों की गिरफ्तारी के मामले सामने आ रहे हैं, जिससे साफ है कि नशा माफिया अब भी सक्रिय हैं। हालांकि पुलिस भी लगातार ऐसे तस्करों पर शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में कांगड़ा जिला पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में चार नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 23.46 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
पहला मामला नूरपुर पुलिस जिला के तहत इंदौरा थाना क्षेत्र में सामने आया। पुलिस को काठगढ़-इंदौरा मार्ग पर नशा तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इस दौरान एक काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल (HP-97A-8273) को जांच के लिए रोका गया। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर बाइक सवार दो युवकों के कब्जे से 17.46 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही नशीला पदार्थ और मोटरसाइकिल कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें : लो जी... हिमाचल में ब्रेड से लदी पिकअप ही चुरा ले गए चोर, भगाने के चक्कर में खाई में गिरी; दो धरे
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल कुमार उर्फ लब्बी (25) पुत्र अशोक कुमार निवासी वार्ड नंबर-3, डाकघर इंदौरा, जिला कांगड़ा तथा नितिन कुमार उर्फ नन्नू (26) पुत्र बलविंदर निवासी वार्ड नंबर-3, डाकघर इंदौरा, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। इंदौरा थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरा मामला शाहपुर थाना क्षेत्र का है। शाहपुर पुलिस की टीम सिहोलपुरी क्षेत्र में नियमित गश्त और वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर दो संदिग्ध युवकों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 6 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। बरामदगी के बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिनाश पटियाल (32) पुत्र सुविंद्र सिंह निवासी गांव चतरेड़, तहसील शाहपुर, जिला कांगड़ा तथा मान सिंह राणा (38) पुत्र नेत्र सिंह राणा निवासी गांव हाडा, तहसील शाहपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। शाहपुर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: दो युवकों के पास मिला लाखों का चिट्टा, कई सिरिंज भी बरामद; कार में निकले थे सप्लाई करने
दोनों मामलों में गिरफ्तार चारों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। साथ ही आरोपियों के संपर्कों और संभावित नशा नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें : युवक ने सीएम सुक्खू को ही दे डाली जा.न से मा*रने की ध*मकी, अभद्र टिप्पणी भी की, पुलिस ने धरा
प्रदेश में लगातार सामने आ रहे चिट्टे के मामलों ने समाज और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं भी नशा तस्करी या नशीले पदार्थों के कारोबार की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।