#अपराध
June 9, 2025
हिमाचल: कांगड़ा में नशे में धुत ड्राइवर से परेशान हुईं सवारियां, 2 बजे बीच सड़क खड़ी की बस
पुलिस ने ड्राइवर पर लगाया 15 हजार का जुर्माना
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के देहरा में एक नशेड़ी बस ड्राइवर की एक अजीबो-गरीब करतूत सामने आई है। बस ड्राइवर इतने नशे में था कि उसने ना आव देखा ना ताव और रात के 2 बजे यात्रियों से भरी बस बीच सड़क पर रोक दी।
रविवार रात यात्रियों से भरी एक लग्जरी बस बीड़ बिलिंग से दिल्ली जा रही थी। रात 2 बजे बस के शराबी ड्राइवर ने बस बीच सड़क में खड़ी कर दी। इस बस में सवार यात्रियों की संख्या 45 बताई गई है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने दी जनता को राहत, बस के लिए नहीं करना पड़ेगा इंतजार- जानें क्या है नया प्लान
बस ड्राइवर इतने नशे में था कि वो बस चलाने की हालत में नहीं था। सूचना मिलने पर पुलिस ने यात्रियों के लिए एक और बस का इंतजाम कर उन्हें दिल्ली रवाना किया। इतना ही नहीं पुलिस ने ड्राइवर को सभी सवारियों का किराया वापिस करने को भी कहा।
पुलिस थाना रक्कड़ को सूचना मिली थी कि बीड़ से दिल्ली जा रही प्राइवेट लग्जरी बस रक्कड़ के नजदीक खराब हो गई है। इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा बस ड्राइवर शराब के नशे में था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में तप रहे पहाड़, लू चलने की चेतावनी जारी- जानिए कब मिलेगी गर्मी से राहत
पहले तो पुलिस ने सवारियों को अन्य वाहन से दिल्ली रवाना किया। इसके साथ ही पुलिस ने बस ड्राइवर पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 15 हजार रूपये का जुर्माना लगाया। ये कार्रवाई ड्रंक एंड ड्राइविंग के तहत की गई।
SP मयंक चौधरी ने कहा कि ट्रांसपोर्टर और टूर एंड ट्रैवल एजेंसियां ड्राइवर व कंडक्टर की नियमित जांच कर ही बस चलाने की अनुमति प्रदान करें। किसी तरह की लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ऐसा कोई मामला सामने आने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।