#अपराध
April 5, 2026
हिमाचल : परिवार की टूटी आस, स्कूल के पास मिली लापता ड्राइवर की देह- 4 दिन से ढूंढ रही थी पुलिस
मोबाइल लोकेशन से लापता ड्राइवर तक पहुंची पुलिस
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिल से बेहद चौंकाने वाली और दुखद खबर सामने आई है। यहां भराड़ी पुलिस थाने के अंतर्गत लद्दा गांव से लापता व्यक्ति का शव खेत में पड़ा मिला है। लापता व्यक्ति की लाश मिलने से परिवार गहरे सदमे में है।
मृतक के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भराड़ी थाने में दर्ज करवाई थी। परिवार को उम्मीद थी कि व्यक्ति सही-सलामत घर लौट आएगा। मगर अब उनकी सभी उम्मीदों पर पानी फिर गया है। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
बताया जा रहा है कि 42 वर्षीय सुरेश कुमार पिछले करीब चार दिन से लापता था। परिजन उसकी तलाश में दर-दर भटक रहे थे। परिजनों ने अपने स्तर पर उसका हर जगह पता किया था। मगर उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।
परिजनों ने बताया कि बीती 1 अप्रैल, बुधवार को रात करीब दस बजे चालक सुरेश घर से निकला था। घर से निकलते वक्त उसने कहा कि था कि वो किसी जरूरी काम से सड़क की ओर जा रहा है।
परिजनों ने बताया कि देर रात तक भी सुरेश घर वापस नहीं आया तो उन्हें चिंता सताने लगी। उन्होंने उसे कई बार फोन भी किया। मगर सामने से उसका कोई जवाब नहीं आया। ऐसे में उन्होंने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भराड़ी थाने में दर्ज करवाई।
उधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने सुरेश की मोबाइल की लास्ट लोकेशन ट्रेस की। इसी के आधार पर पुलिस टीम लद्दा स्कूल के पास पहुंची। जहां पर सर्च ऑपरेशन चलाने पर पुलिस टीम को स्कूल के पास एक खेत में सुरेश की लाश पड़ी मिली।

शुरुआती जांच में पाया गया है कि सुरेश को आखिरी बार दो अनजान युवकों के साथ देखा गया था। अब पुलिस उन दोनों अज्ञात युवकों की तलाश में जुटी हुई है। घटनास्थल पर जांच कर रही पुलिस टीम को मौके से सुरेश का मोबाइल फोन और जेब से 500 रुपये मिले हैं।
सुरेश की ऐसे अचानक हुआ मौत के बाद उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सुरेश की मौत ने उसके परिवार को झकझोर कर रख दिया है। सुरेश के परिवार में पत्नी और बुजुर्ग माता-पिता हैं। सुरेश के पिता डाक विभाग से सेवानिवृत्त हैं।
मामले की पुष्टि करते हुए DSP विशाल वर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी तक ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ड्राइवर की मौत हत्या है या और कोई कारण है। पुलिस टीम जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।
पुलिस टीम मृतक की कॉल डिटेल्स खंगाल रही है- ताकि पता चले की मौत से पहले आखिरी बार उसकी किसके साथ बात हुई थी और वो किससे मिला था। इसके अलावा पुलिस टीम ग्रामीणों से पूछताछ कर सबूत जुटाने में लगी हुई है।