#अपराध
November 17, 2025
हिमाचल में शादी के नाम पर बड़ा खेला - कोर्ट मैरिज के 3 दिन बाद दुल्हन फरार, लाखों लेकर उड़ी
कोर्ट में शादी, दलालों को दिए ढाई लाख
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के के जिला कांगड़ा स्थित धर्मशाला उपमंडल में एक और शादी ठगी का मामला सामने आया है। योल चौकी के तहत आते तंगरोटी गांव के युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने सितंबर में कोर्ट में एक युवती से शादी की थी। इस शादी की प्रक्रिया करवाने वाले लिंक व्यक्तियों को उसने करीब दो से ढाई लाख रुपये का भुगतान किया था। युवक के मुताबिक शादी से पहले और बाद में उसे इस युवती के बारे में कई तरह की गलत जानकारियाँ दी गईं।
पीड़ित के अनुसार शादी के तीन दिन बाद ही युवती अचानक घर से फरार हो गई। वह बिना कोई गहना, पैसा या सामान लिए गायब हो गई। युवती के गायब होने के बाद युवक ने कई बार मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। लगातार प्रयास करने पर भी जब युवती का कोई अता-पता नहीं चला, तब युवक को शक हुआ कि यह पूरा मामला शादी ठगी का हिस्सा है।
पिछले दिनों नगरोटा बगवां के पटियालकड़ में एक शादी ठग गिरोह पकड़ा गया था जो युवकों से लाखों रुपये लेकर शादी करवाता था और कुछ दिनों बाद लड़कियां फरार करवा देता था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि तंगरोटी का यह मामला उसी गिरोह से जुड़ा है या किसी नए नेटवर्क का हिस्सा है। दोनों मामलों की कार्यप्रणाली काफी मिलती-जुलती दिख रही है।
धर्मशाला थाना के एसएचओ ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवती का मोबाइल लोकेशन, लिंक व्यक्तियों की गतिविधि, पैसों का लेनदेन सबकी छानबीन की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की ठगी तेजी से बढ़ रही है और बड़े नेटवर्क होने की भी आशंका है।