#अपराध
December 18, 2025
सुरक्षित नहीं रहा हिमाचल ! जंगल में महिला की देह के बाद अब नाले में पड़ा मिला डेंटल डॉक्टर
कई दिनों से लापता डेंटल डॉक्टर की नाले में मिली देह
शेयर करें:

शिमला। देवताओं की धरती कहे जाने वाले हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मौतें डर का दूसरा नाम बनती जा रही हैं। कभी जंगलों में मिलती लाशें, तो कभी शहर के बीचोंबीच संदिग्ध मौतें- शांत और सुरक्षित माने जाने वाले प्रदेश की छवि को धुंधली करती जा रही हैं। बिलासपुर में आज गुरुवार को महिला का शव मिलने के बाद अब राजधानी शिमला में एक डॉक्टर की लाश प्रदेश को झकझोर देने में काफी है। एक ही दिन में दो लाशें मिलने पर हर किसी के मन में एक ही सवाल है? क्या हिमाचल अब अपराध की आहट महसूस करने लगा है...
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कृष्णानगर क्षेत्र में अतुल्य पार्किंग के समीप एक नाले से शव बरामद किया गया। झाड़ियों के बीच पड़े शव पर स्थानीय लोगों की नजर पड़ी तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में मौके पर पुलिस पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की। शव की पहचान चक्कर क्षेत्र निवासी पंकज गुप्ता के रूप में हुई, जो शहर की मालरोड पर डेंटल क्लिनिक चलाते थे। डॉक्टर का शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में डर और अनिश्चितता का माहौल बन गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पंकज गुप्ता बीते कई दिनों से लापता थे। इस संबंध में उनके परिजनों ने पहले ही गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा रखी थी। पुलिस उनकी तलाश कर ही रही थी कि इसी बीच नाले से शव मिलने की सूचना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। शव की हालत और घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस फिलहाल इसे हादसे से जोड़कर भी देख रही है, हालांकि किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल दौरे पर आ रहे अमित शाह, आमने-सामने बैठ कर CM सुक्खू मांगेंगे प्रदेश का हक
संजिव गांधी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा लिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस पारिवारिक पृष्ठभूमि, व्यक्तिगत संबंधों, मानसिक स्थिति और अन्य सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
यह भी पढ़े : हिमाचल : जंगल में मिली महिला की देह- दुपट्टे से लिपटी थी गर्दन, पीठ की तरफ बंधे थे हाथ
गौरतलब है कि इससे पहले बिलासपुर जिला में जंगल से एक महिला का शव मिलने का मामला सामने आ चुका है। अब राजधानी शिमला में डॉक्टर की संदिग्ध मौत ने प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है और पूरे प्रदेश की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो इस रहस्यमयी मौत से पर्दा उठा सकती है।