#अपराध
May 15, 2026
हिमाचल पुलिस को नाले में मिली लापता युवक की देह, 24 घंटे से ढूंढ रहे थे दोस्त- शरीर पर कई निशान
नाले में पड़ी दिखी युवक की देह
शेयर करें:

कूल्लू। हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत पार्वती घाटी से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां पिछले कई दिनों से लापता चल रहे दिल्ली के 24 वर्षीय पर्यटक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक अपने दोस्तों के साथ घूमने आया था, लेकिन अचानक रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला युवक का शव रिवर फ्रंट नाले से बरामद हुआ है। बीते वीरवार सुबह गांव की एक महिला जब रास्ते से गुजर रही थी तो उसकी नजर नाले की तरफ पड़ी देखा तो वहां एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है।
महिला ने तुरंत नाले में शव पड़े होने की सूचना की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मणिकर्ण पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। बता दें कि युवक के चेहरे पर चोट के निशान भी मिले हैं। मृतक की पहचान मोहित चौधरी उम्र 24 साल, पुत्र कमल सिंह निवासी सदर बाजार, दिल्ली कैंट के रूप में हुई है।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आसपास के इलाके में लगातार युवक की तलाश की। वीरवार को उसका शव होटल से करीब 15 मिनट की दूरी पर रिवर फ्रंट नाले में मिला। शुरुआती जांच में युवक के चेहरे, हाथों और शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि युवक की मौत खाई या नाले में गिरने से हुई हो सकती है। हालांकि, मौत की असली वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू भेज दिया है। युवक के भाई समेत परिवार के तीन लोग दिल्ली से कुल्लू पहुंच चुके हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
SP मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। उन्होंने पर्यटकों से अपील की है कि पहाड़ी इलाकों में घूमने के दौरान अपने साथियों के संपर्क में रहें और किसी भी परेशानी या आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को जानकारी दें।
बता दें कि युवक 7 मई को अपने दोस्तों के साथ मलाणा घूमने पहुंचा था। सभी युवक वेचिंग वैली के एक कैफे में ठहरे हुए थे। बताया जा रहा है कि 10 मई को मोहित अपने साथियों से यह कहकर बाहर निकला कि वह कुछ सामान लेने जा रहा है, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
शुरुआत में दोस्तों ने खुद आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की। देर रात तक जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला। 24 घंटे से मृक के दोस्त युवक की तलाश कर रहे थे। इसके बाद दोस्तों ने मणिकर्ण पुलिस थाना पहुंचकर युवक के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई।