#अपराध
August 9, 2026
हिमाचल : फोन की लत...मां और नानी ने डांटा, नाराज हो कमरे में गई 11 साल की लड़की, और...
घर के कामों में व्यस्त थी मां और नानी, कमरे में अकेली थी बेटी
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। उपमंडल धर्मपुर में एक 11 साल की लड़की ने फंदा लगाकार आत्महत्या कर ली है। बच्ची की मौत के बाद उसके माता-पिता गहरे सदमे में हैं।
शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि 11 साल की बच्ची को मोबाइल फोन इस्तेमाल करने को लेकर उसकी मां और नानी ने डांटा था। डांट से नाराज होकर बच्ची अपने कमरे में चली गई और गलत कदम उठा लिया।
बताया जा रहा है कि बच्ची के पिता चंडीगढ़ में एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। बच्ची के मोबाइल फोन के अधिक इस्तेमाल को लेकर परिवार के सदस्य चिंतित थे। शनिवार को दोपहर और शाम के समय मोबाइल फोन को लेकर मां और नानी ने उसे समझाया और डांट भी लगाई थी। इसी दौरान उससे मोबाइल फोन ले लिया गया।
परिजनों के अनुसार, कुछ समय बाद बच्ची की मां और नानी घर में शाम का खाना तैयार करने के लिए चली गईं। जब खाना तैयार हुआ तो परिवार की ओर से बच्ची को खाने के लिए आवाज लगाई गई, लेकिन उसकी तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
इसके बाद मां कमरे में गई तो बच्ची को गंभीर हालत में देखा। मां की चीख सुनकर नानी और आसपास के लोग भी वहां पहुंच गए। परिजन और स्थानीय लोग बच्ची को तुरंत धर्मपुर अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद बच्ची का शव रात के समय धर्मपुर अस्पताल में रखा गया। अगले दिन पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए शव को सरकाघाट अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिवार के सदस्यों से घटना को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
DSP धर्मपुर संजीव सूद ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। प्रारंभिक जानकारी में मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर बच्ची को परिवार की ओर से समझाने और डांटने की बात सामने आई है।