#अपराध
August 8, 2025
हिमाचल : होटल स्टाफ में छिड़ी बहस, हेल्पर ने खोया आपा- कुक को तड़पता छोड़ हुआ फरार
चप्पे-चप्पे पर पुलिस ने की नाकाबंदी- जल्द गिरफ्तार होगा हेल्पर
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। पर्यटन नगर डलहौजी के एक निजी होटल में हेल्पर ने कुक का खून कर दिया है। हेल्पर ने कुक की हत्या चाकू मार कर की है।
बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश के लिए जगह-जगह नाकाबंदी की हुई है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना बीती रात पेश आई है। मामले की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम ने आरोपी को ढूंढने के लिए चप्पे-चप्पे पर नाकाबंदी कर दी है। मृतक की पहचान 26 वर्षीय मनीष कुमार निवासी मैहला के रूप में हुई है। जबकि, आरोपी की पहचान 22 वर्षीय अमन के रूप में हुई है- जो कि सलूनी का रहने वाला है।
मामले की पुष्टि करते हुए SP चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि अभी इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है कि इस वारदात को अंजाम क्यों दिया गया है। पुलिस टीम द्वारा होटल स्टाफ से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटनास्थल पर लगे CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी हेल्पर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
शुरुआती जांच में पाया गया है कि होटल स्टाफ के आपसी झगड़े और कहासुनी से उपजे विवाद के चलते अमन ने मनीष पर चाकू से हमला कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अमन मौका पाते ही मनीष को खून से लथपछ छोड़ खुद घटनास्थल से फरार हो गया।
(NOTE: खबर लिखे जाने तक इतनी ही जानकारी मिल पाई थी। ज्यादा जानकारी मिलते ही खबर को अपडेट कर दिया जाएगा।)